शादी के बाद घर पहुंची बहू, खुशी का था माहौल और फिर एक दम बदल गए हालात
सोनभद्र जिले के घोरावल नगर के वार्ड नंबर-7 में सोमवार को एलपीजी सिलेंडर से गैस लीकेज होने से गैस की चपेट में आकर घुटकर एक युवक की मौत हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सक ने देखते ही युवक को मृत घोषित कर दिया। मृत युवक नगर के एक बड़े व्यवसायी परिवार का था। इस दर्दनाक हादसे से नगर में हड़कंप मच गया।
घोरावल नगर के वार्ड नंबर सात निवासी छोटेलाल सेठ बर्तन आभूषण के प्रतिष्ठित व्यापारी हैं। सोमवार को सुबह उनका छोटा पुत्र तरुण कुमार(23) घर में ही बड़े साइज वाले चूल्हे में गैस सिलेंडर लगा रहा था। गैस सिलेंडर को चूल्हे में जोड़ने के बाद वह चूल्हा जलाने लगा। इसी दौरान रेग्युलेटर बंद न होने से काफी गैस लीक हो गई।
लीक हुई गैस की चपेट में आकर तरुण अचेत हो गया। तरुण को अचेत होता देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन तरुण को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टर ने उसे देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को बगैर कोई सूचना दिए परिजन शव को लेकर घर चले गए। उधर युवक की मौत के बाद उसके माता पिता भाई व अन्य परिजनों में कोहराम मच गया।
तरुण की मौत से शादी की खुशी का माहौल बदलकर हुआ गमगीन
नगर निवासी मृत युवक दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। अभी बीते 30 दिसंबर को तरूण के बड़े भाई कार्तिकेय की शादी हुई थी, जिसके बारात में बड़े उल्लासपूर्वक व खुशी के साथ तरुण भी अपने दोस्तों रिश्तेदारों के साथ बारात में बनारस गया था।
वहां से आने के बाद 31 दिसंबर को बहुभोज का भी कार्यक्रम था। छोटेलाल सेठ के सिर्फ दो पुत्र ही थे। अतः बड़ी बहू के आने के बाद घर में बड़ा ही खुशी व उल्लास का माहौल था। लेकिन सोमवार सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद घर का खुशियों भरा माहौल अचानक बदल गया और परिवार में मातम छा गया।