Varanasi: लुटेरी दुल्हन अपनी सहेली संग गिरफ्तार, दूल्हे के परिवार को खिला देते थे नशीला पदार्थ, फिर लूटपाट
शादी करके दूल्हे के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट की आरोपी दुल्हन और उसकी सहेली को वाराणसी कैंट स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। बीते कई दिनों से दोनों की तलाश पुलिस को थी।
विस्तार
शादी करके दूल्हे के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट की आरोपी दुल्हन और उसकी सहेली को वाराणसी कैंट स्टेशन से रविवार को गिरफ्तार किया गया। दुल्हन की शिनाख्त गोरखपुर जिले के सहजनवां की रहने वाली गुड़िया यादव और चंदौली जिले के मुगलसराय थाना के दुल्हीपुर गांव की रेखा के तौर पर हुई है। दोनों के पास से पांच हजार रुपये बरामद किए गए। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जीआरपी कैंट प्रभारी हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि राजस्थान के अजमेर जिले के फारसी कॉलोनी, शास्त्री नगर का रहने वाला एक परिवार बीते जनवरी माह में वाराणसी आया था। लुटेरी दुल्हन गिरोह के बदमाश जितेंद्र ने उन्हें अच्छी लड़की से शादी कराने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया।
पांच फरवरी को शादी हुई थी
इसके बाद वह राजस्थान से आए परिवार को चंदौली जिले के बुलआ थाना के मटियारा गांव में रहने वाली चंदा के घर ले गया। चंदा के घर पर गुड़िया यादव को शादी के लिए राजस्थान के परिवार को दिखाया गया। बीते पांच फरवरी को शादी हुई। छह फरवरी को दुल्हन के साथ परिवार मरुधर एक्सप्रेस से जयपुर के लिए रवाना हुआ।
गिरोह का एक बदमाश छोटू खटकाना ने रास्ते में नशीला पदार्थ खिलाकर सबको बेहोश कर दिया। इसके बाद उनका सामान लूटकर गुड़िया के साथ प्रयागराज और फिर वाराणसी आ गया। नशीला पदार्थ खाने से बेहोश हुए राजस्थान के परिवार को इटावा में होश आने पर अस्पताल ले जाया गया। फिर मुकदमा दर्ज कर जीआरपी कैंट (वाराणसी) को ट्रांसफर किया गया। रविवार को कैंट स्टेशन के टिकट घर सेे गुड़िया और रेखा टिकट लेने आई थीं, उसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नमकीन खिलाकर बेहोश किया था
गिरोह का सदस्य छोटू खटकाना सिटी स्टेशन पर आया था। वह नमकीन में नशीला पदार्थ मिलाया था। इसकी जानकारी दुल्हन गुड़िया को थी। ट्रेन जब कैंट स्टेशन पर पहुंची तो वह सभी को चाय पिलाई। ट्रेन जौनपुर पहुंची तो छोटू ने दूल्हा, उसके माता-पिता और मौसा को नशीला पदार्थ मिलाई हुई नमकीन खिला दी। इसके बाद सभी अचेत हो गए। फिर दोनों सामान समेटकर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उतर गए।
तीन बार दुल्हन बन चुकी गुड़िया
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि इस गिरोह में चंदा, रेखा, मालती, पूजा, जितेंद्र और छोटू समेत कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। इनके निशाने पर राजस्थान के रहने वाले लोग ही होते हैं। जीआरपी की पूछताछ में गुड़िया ने बताया कि वह अब तक तीन बार दुल्हन बन कर लूटपाट कर चुकी है।