LS Polls: प्रत्याशियों के साथ भाई-बहन, बेटे-बेटी ने भी बहाया पसीना, PM मोदी का चुनाव प्रचार था इनके जिम्मे
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने वाराणसी में अपने-अपने तरीके से सियासी जोर-आजमाइश की। साथ ही वोटरों को साधने का भरपूर प्रयास किया। अपने-अपने जीत के दांवे भी पेश किए जा रहे हैं, लेकिन जनसभा और रैलियों का कितना प्रभाव पड़ा है यह तो चार जून को तय होगा।
विस्तार
लोकसभा का चुनाव अब आखिरी दौर में है। शनिवार को पूर्वांचल में वाराणसी सहित सात जिलों की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इस बीच प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने अपनी सफलता के लिए काफी मेहनत की। इसके साथ ही प्रत्याशियों के भाई-बहन, बेटे-बेटी और परिजनों ने भी चुनाव प्रचार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी।
पूर्वांचल में लोकसभा के चुनाव के प्रचार के दौरान सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही एकमात्र ऐसे प्रत्याशी रहे, जो अपने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर ही पूरी तरह से निर्भर हैं। उनके कुनबे के सदस्य जनता के बीच नहीं दिखे। वाराणसी में इंडी गठबंधन के प्रत्याशी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय चुनाव मैदान में सक्रियता से लगे हुए हैं।
इस बीच उनकी बेटी श्रद्धा राय अपने पिता के ऑफिस से लेकर मतदाताओं के बीच तक अपनी उपस्थिति बनाए हुए हैं। चंदौली से भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की पुत्री तारा अंकिता पांडेय अपने पिता के लिए पूरा दमखम लगाई हुई हैं तो सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह के भाई विनोद सिंह भी चुनावी मैनेजमेंट में पीछे नहीं हैं।
गाजीपुर से सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी की बेटी नुसरत व नूरिया के साथ ही भतीजे विधायक शोएब अंसारी व उमर अंसारी जी-जान से लगे हुए हैं। गाजीपुर से ही भाजपा के पारसनाथ राय की बेटी वंदना, बहू अनुराधा, पौत्री और बेटा आशुतोष राय भी पूरी सक्रियता से चुनाव मैदान में हैं।
घोसी लोकसभा से एनडीए के डॉ. अरविंद राजभर के लिए उनके छोटे भाई अरुण और बसपा के बालकृष्ण चौहान के लिए उनके पोते विक्रम कमर कस कर चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह से बलिया लोकसभा से सपा के सनातन पांडेय के लिए उनके इकलौते पुत्र रामेश्वर पांडेय जनसंपर्क से लेकर चुनाव का मैनेजमेंट संभाल रहे हैं। राबर्ट्सगंज (सुरक्षित) सीट से अपना दल (एस) की रिंकी कोल के लिए उनके भाई अमन कोल पूरी ताकत झोंके हुए हैं।
उम्मीदवारों की पत्नी भी पीछे नहीं, पति भी लगा रहे जोर
लोकसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की पत्नियां भी चुनाव मैदान में किसी से कमतर नहीं हैं। बलिया से भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर की पत्नी डॉ. सुषमा शेखर शुरू से ही पति के लिए मतदाताओं के बीच सक्रिय हैं। मतदान नजदीक आते देख घोसी सीट से सपा प्रत्याशी राजीव राय की पत्नी निकिता राय भी मतदाताओं के बीच सक्रिय हुईं।
राबर्ट्सगंज (सुरक्षित) सीट से सपा प्रत्याशी छोटेलाल खरवार की पत्नी मुनिया देवी और भाई जवाहर लाल खरवार दमखम लगाए हुए हैं। इसी तरह से मिर्जापुर से अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल के साथ ही उनके पति व प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल पूरी ताकत लगाए हुए हैं।