राज्यमंत्री को जान से मारने की मिली धमकी, पूर्व मंत्री अंबिका के भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार फेफना विधायक उपेंद्र तिवारी को जान से मारने की धमकी देने का मामला बुधवार को प्रकाश में आया। इस प्रकरण में राज्यमंत्री की तहरीर पर बलिया शहर कोतवाली पुलिस ने पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के भाई सतीश कुमार चौधरी उर्फ नागा चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व मंत्री के भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने से सियासी गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है।
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और फेफना विधायक उपेंद्र तिवारी ने शहर कोतवाली में बुधवार शाम तहरीर दी। लिखित तहरीर में आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के खिलाफ 2012 तथा 2017 में विधानसभा फेफना का चुनाव लड़ चुके हैं।
अंबिका चौधरी पिछले सपा सरकार में मंत्री थे। उपेंद्र तिवारी ने उन्हें काफी मतों से हराया था। सपा शासन काल में मंत्री के भांजे अनुराग यादव लखनऊ के जिलाधिकारी थे। दोनों की मिलीभगत से राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी करते हुए लखनऊ के नौबस्ता कला स्थित 13.5 बिघा जमीन फर्जी संस्था बनाकर उनकी पत्नी सरोज चौधरी के नाम 2003 में दर्ज करा दिया गया।
फोन कर के धमकी देने का लगाया आरोप
इसके संबंध में राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने विधानसभा में प्रश्न उठाने पर जांच की कार्रवाई के बाद उपरोक्त जमीन पुनः शासन को हस्तानांतरित कर दी गई। तहरीर में आरोप लगाया कि अंबिका चौधरी के भाई सतीश कुमार उर्फ नागा चौधरी अपराधियों का गिरोह चलाता है।
विभिन्न खाद्य और खनिज विभाग में ठेकेदारी करता और करवाता है। अन्य आरोप भी लगाए। कहा कि विगत छह मई को लोकसभा बलिया के लिए चुनाव लड़ रहे मस्त के समर्थन में चुनाव प्रचार में था। इसी दौरान उनके मोबाइल पर फोन आया। काल रिसीव होने के बाद लोकेशन पूछा और अपशब्दों के साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई।
उन्होंने कहा कि उस दौरान वे चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। यह भी पूछा कि लोकेशन बताओ कहां हो अभी आ रहा हूं। पूछने पर नागा चौधरी ने कहा कि मेरे धंधे और काम की जांच तुम्हारे इशारे पर हो रही है। मैं तुम्हें नहीं छोड़ूंगा, तुमने बर्बाद कर दिया है। उक्त काल की डिटेल निकालकर अवलोकन करने से मामला स्पष्ट हो जाएगा। उनकी इस तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंबिका चौधरी ने किया खंडन
अंबिका चौधरी ने इस मामले का खंडन करते हुए कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक द्वेष का है। इस लोकसभा चुनाव में उपेंद्र तिवारी सत्ता का दुरुपयोग कर मेरे ऊपर यह दबाव बनाना चाहते हैं कि मैं सपा प्रत्याशी सनातन पांडे को सहयोग ना दूं। जहां तक लखनऊ की जमीन का मामला है तो इस संदर्भ में न्यायालय का स्पष्ट निर्देश है। यदि उपेंद्र तिवारी इस पर टिप्पणी करते हैं तो यह न्यायालय के आदेश की अवमानना है। जिस पर मैं जल्द ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराऊंगा।