लॉकडाउन का दर्द: चेन्नई से चला श्रमिक युवक, घर पहुंचने से 100 किमी पहले तोड़ा दम
वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग के दानगंज बॉर्डर पर एक युवक की मौत हो गई। युवक को एंबुलेंस के माध्यम से पुलिस ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई, लेकिन चिकित्सक के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया है। युवक की पहचान धर्मेंद्र यादव(27) आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के भुवना बुजुर्ग के रूप में हुई है।
दानगंज चौकी प्रभारी अजय यादव ने बताया कि तीन युवक चेन्नई से चलकर पैदल ट्रक और अन्य वाहनों के जरिए वाराणसी पहुंचे, जहां से आजमगढ़ के लिए मोहाव तक किसी साधन से आए। इसके बाद मोहाव बाईपास होते हुए तीनों युवक दानगंज स्थित बॉर्डर पर विश्राम स्थल पर ठहरे।
इस दौरान एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और गिर गया। साथी युवकों के चिल्लाने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंद एंबुलेंस से रात में करीब 12 चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। अधीक्षक डॉ आरबी यादव ने बताया कि जब उसे युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे तब उसकी मौत हो चुकी थी, वह कैसे मरा है यह कुछ नहीं बताया जा सकता।
थाना प्रभारी चोलापुर हरि नारायण पटेल ने बताया कि युवक का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। दानगंज चौकी प्रभारी अजय यादव ने बताया कि युवक बेहोश होकर गिरा था, अस्पताल जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।
उसके दो साथी जयप्रकाश और पांचू आजमगढ़ के रहने वाले हैं, लेकिन दानगंज से जीयनपुर की दूरी 100 किलोमीटर है। उसके पहले ही युवक की मौत हो गई। दाह संस्कार के लिए उसे उसके साथियों को पुलिस ने 1000 रुपये दे दिए।