Varanasi News: रविदास पार्क और दीनदयाल स्मृति स्थल पर लगेगा लाइट एंड साउंड शो, वीडीए बोर्ड की बैठक में लगी मुहर
वाराणसी के नगवा स्थित रविदास पार्क और पड़ाव स्थित दीनदयाल स्मृति स्थल पर भी लाइट एंड साउंड शो लगेगा। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बन गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के नगवा स्थित गुरु रविदास पार्क और पड़ाव स्थित दीनदयाल स्मृति स्थल पर भी लाइट एंड साउंड शो लगेगा। दोनों जगह प्रतिदिन सुबह मार्निंग वॉक करने वालों के लिए पास जारी होगा। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही गंगा किनारे (200 मीटर के दायरे) में अब मकान की मरम्मत की अनुमति लेने के लिए विकास प्राधिकरण में विकास शुल्क सहित अन्य फीस देनी होगी।
इस मद से होने वाली आय को अलग संरक्षित करते हुए उस धन को इसी क्षेत्र के विकास पर खर्च किया जाएगा। कैंट स्टेशन के सामने स्थित जवाहर लाल नेहरू व्यावसायिक केंद्र को नए सिरे से कांप्लेक्स बनाने पर भी बोर्ड बैठक में सैद्धांतिक सहमति बन गई है।
गंगा किनारे के मकानों की मरम्मत के लिए शुल्क
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडीए की 127वीं बोर्ड बैठक में गंगा किनारे से 200 मीटर के अंदर स्थित भवनों के मरम्मत व पुनर्निर्माण पर लगने वाले शुल्क पर चर्चा हुई। अब तक एक हजार रुपये की प्रोसेसिंग फीस के माध्यम से मरम्मत की अनुमति दी जाती थी। मगर, बोर्ड के निर्णय के बाद 120 रुपये प्रति वर्गमीटर विकास शुल्क, पांच रुपये वर्गमीटर भवन निर्माण, 15 रुपये प्रति वर्गमीटर समूह आवास और 30 रुपये वर्गमीटर व्यावसायिक शुल्क अतिरिक्त देना होगा।
बोर्ड में हबीबपुरा विस्तार आवासीय योजना की अधिसूचना को निरस्त करने के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास के लिए अखरी गांव में चिह्नित जमीन के भूउपयोग को बदल कर आवासीय किए जाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी और इसे शासन को संस्तुति के लिए भेजा जाएगा। यहां शहरी गरीबों के लिए 250 आवास बनाए जाने हैं।
शहर में प्रस्तावित रोपवे के टावर व स्टेशन के लिए महायोजना-2031 में भवन की ऊंचाई के नियमों में बदलाव करने पर सहमति बनी है। दशाश्वमेध घाट पर निर्माणाधीन प्लाजा की दुकानों के आवंटन व मूल्यांकन और विस्थापित दुकानदारों के समायोजन पर चर्चा हुई। पहले हुई बैठक को ही बोर्ड ने अनुमोदित किया है। इसके साथ ही नगवा स्थित गुरु रविदास पार्क और पड़ाव स्थित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल पर प्रतिदिन सुबह मार्निंग वॉक करने वालों के लिए पास जारी करने का निर्णय लिया गया।
विकास की बाधाओं को दूर करेगी एनईओयूए
सिटी डेवलपमेंट प्लान के तहत विकास प्राधिकरण नेशनल इंस्टीट्यूट आफ अर्बन अफेयर्स नई दिल्ली को नियुक्त करेगा। नोडल एजेंसी शहर में विभिन्न विभागों की ओर से कराए जा रहे कामों की समीक्षा के साथ जिस क्षेत्र में विकास की आवश्यकता होगी, उसके लिए सुझाव भी देगी।
170 करोड़ रुपये के बजट पर बोर्ड की मुहर
बोर्ड में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 170.80 करोड़ रुपये की प्राप्ति एवं रु. 170.35 करोड़ व्यय का वार्षिक बजट भी स्वीकृत हुआ। इस दौरान बोर्ड के नामित सदस्य प्रदीप अग्रहरी, अंबरीष सिंह (भोला), साधना वेदांती, प्राधिकरण बोर्ड अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, उपाध्यक्ष ईशा दुहन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।