वाराणसी में तेंदुआ प्रकरण: बारिश के कारण नहीं चला सर्च अभियान, दो स्कूल बंद; अफवाहों से वन विभाग हलकान
वाराणसी में तेंदुआ दिखने की सूचना के बाद बारिश के कारण सर्च अभियान नहीं चल सका। एहतियातन दो स्कूल बंद रखे गए, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। वहीं, तेंदुए को लेकर फैल रही अफवाहों से वन विभाग की परेशानी बढ़ी हुई है। विभाग की टीम तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि करने और लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रही है।
विस्तार
छावनी (कैंट) क्षेत्र समेत छह किमी के दायरे में तेंदुए जैसे संदिग्ध वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर खौफ का माहौल बना हुआ है। बृहस्पतिवार को लगातार हो रही बारिश के कारण वन विभाग का तलाशी अभियान बाधित रहा और सर्च ऑपरेशन नहीं चलाया जा सका।
हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग की टीमें बंगला नंबर 61, सेंट मेरीज कॉन्वेंट स्कूल और 39 जीटीसी परिसर में लगातार तैनात हैं। अब तक चलाए गए अभियानों में वन्यजीव की मौजूदगी का कोई भी ठोस या प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिल सका है।
वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार के अनुसार, चिह्नित तीनों संवेदनशील स्थानों पर टीमों को निगरानी के लिए तैनात किया गया है। अलग-अलग इलाकों से वन्यजीव दिखने की कई सूचनाएं आ रही हैं, लेकिन जांच में किसी की भी पुष्टि नहीं हुई है। लगातार फैल रही अफवाहों के कारण आम जनता में भय बढ़ रहा है और वन विभाग की टीम को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम खराब होने और बारिश के चलते बृहस्पतिवार को जमीनी पड़ताल नहीं हो सकी। इलाके में बढ़ते डर का असर शिक्षण संस्थानों पर भी पड़ा है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सेंट मेरीज कॉन्वेंट स्कूल के बाद छावनी परिषद के विद्यालय को भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी के लिए वन विभाग की टीम की 24×7 ड्यूटी लगाई गई है। जिन मार्गों पर लोगों द्वारा बताया गया है उन सड़कों पर भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि भ्रामक सूचनाओं और फेक न्यूज़ पर भी नियंत्रण रखा जा सके। स्थानीय लोगों से अपील है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा सतर्कता बरतें, अफवाहें न फैलाएं। - निधि चौहान, डीएफओ