कोरोना वायरस: कुआलालंपुर-बैंकॉक से आने वाली उड़ानें निरस्त, भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा भी बंद
कोरोना वायरस का असर आए दिन परिवहन विभाग के साथ हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है। यात्री नहीं मिलने के कारण कई उड़ानें निरस्त कर दी हैं। इसके साथ ही वाराणसी-काठमांडू बस सेवा भी बंद कर दी गई।
वाराणसी एयरपोर्ट पर कोरोना वायरस के चलते शनिवार को बैंकॉक से आने वाले थाईस्माइल एयरवेज का विमान डब्ल्यूई 355, कुआलालंपुर से आने वाला मलिंडो एयरलाइंस का विमान ओडी 290 और थाई एयर एशिया का विमान एफडी 108 की उड़ानें निरस्त कर दी गईं। विमान कंपनियों के सूत्रों के अनुसार, यात्री नहीं मिलने के कारण यह निर्णय लिया गया है।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 11-12 हजार यात्रियों का आवागमन होता था, लेकिन इस समय यह संख्या 8-9 हजार ही रह गई है। विमान कंपनियों के स्थानीय प्रबंधकों के अनुसार, कोरोना वायरस के चलते यात्रियों की संख्या में कमी आई है। 15 अप्रैल तक वीजा आन एराइवल पर रोक का भी प्रभाव पड़ा है।
बीते दस दिनों में यात्रियों की संख्या की बात करें तो चार मार्च को 9,519, पांच को 10,333, छह को 9,623, सात को 11,280, आठ मार्च को 9,307, नौ मार्च 9,269, दस को 7,614, ग्यारह को 9,631, बारह को 9,460, तेरह को 8,971 यात्री रवाना हुए।
17 मार्च तक वाराणसी-काठमांडू बस सेवा बंद
कोरोना के चलते भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा 17 मार्च तक बंद कर दी गई है। नेपाल सरकार की ओर से संचालित स्कैनिया बस को यात्री नहीं मिलने के कारण शनिवार को बंद कर दिया गया। वहीं, कैंट रोडवेज बस स्टेशन पर बस सेवा समिति के संचालक शुभम जायसवाल ने बताया कि 17 मार्च के बाद ही बस सेवा शुरू की जा सकती है।
18 मार्च के लिए भी सिर्फ 10 यात्रियों ने काठमांडू के लिए बुकिंग कराई है। पिछले डेढ़ साल से रोडवेज की ओर से वाल्वो बस सेवा बंद है, सिर्फ नेपाल सरकार ही स्कैनिया बस एक दिन के अंतराल पर काठमांडू-वाराणसी के बीच चलती है।