Khelo India: योग प्रतियोगिता के लिए 17 विश्वविद्यालयों के 102 एथलीट पहुंचे वाराणसी, योगमय होगी काशी
एक जून से आईआईटी बीएचयू के रमेश श्रीनिवासन स्मृति स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर के बैडमिंटन हाॅल में सुबह नौ बजे से मुकाबले शुरू होंगे। थ्री लेयर वाले एरिना में योग प्रतियोगिता की शुरुआत सूर्य नमस्कार से होगी। इसके अलावा पांच अनिवार्य और चार वैकल्पिक आसन करने होंगे। इसी के आधार पर उन्हें अंक दिए जाएंगे।
विस्तार
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के दूसरे चरण में योगासन प्रतियोगिता गुरुवार यानी आज से शुरू हो रही है। इसमें देशभर के 17 विश्वविद्यालयों के 102 योग एथलीट हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें बुधवार को काशी पहुंच गईं। बुधवार को प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में नेशनल योगासन फेडरेशन के अलावा यूपी योगासन फेडरेशन के भी प्रतिनिधि निर्णायक की भूमिका में होंगे।
यह भी पढ़ें- Coronavirus: अश्वगंधा करेगा कोरोना वायरस के जीन का खात्मा, BHU के वैज्ञानिकों को मिली सफलता, जर्मन पेटेंट मिला
एक जून से आईआईटी बीएचयू के रमेश श्रीनिवासन स्मृति स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर के बैडमिंटन हाॅल में सुबह नौ बजे से मुकाबले शुरू होंगे। थ्री लेयर वाले एरिना में योग प्रतियोगिता की शुरुआत सूर्य नमस्कार से होगी। इसके अलावा पांच अनिवार्य और चार वैकल्पिक आसन करने होंगे। इसी के आधार पर उन्हें अंक दिए जाएंगे। अंकों का निर्धारण तीन आधार किया जाएगा। इसमें खिलाड़ी के योगासन आरंभ व समाप्त करने, योगासन के दौरान उसकी स्थिरता व चेहरा का भाव भी शामिल होगा। देश भर के टॉप 31 जज योगा एथलीटों पर अपनी पैनी नजर रखेंगे।
नेशनल योगासन फेडरेशन से जुड़े श्रेयस मारकंडे के मुताबिक प्रतियोगिता के लिए एरिना तैयार हो चुके हैं। सभी टीमें पहुंच गई हैं। प्रतियोगिता स्थल पर प्रतिभागी टीमों के कोच मैनेजर और कप्तानों की बैठक हुई। इस बैठक में प्रतिनिधियों को खेल के नियमों से अवगत कराया गया। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष को मिलाकर कुल 17 टीमें हैं। प्रत्येक टीम में छह-छह योग एथलीट शामिल हैं।
सूर्य नमस्कार के लिए नहीं होगी कोई समय सीमा
स्पर्धा के दौरान सूर्य नमस्कार के लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है, जबकि पांच अनिवार्य आसन के लिए एक मिनट और चार वैकल्पिक आसन के लिए 30 सेकेंड का समय निर्धारित किया गया है। कुल मिलाकर एक एथलीट टीम को नौ अलग-अलग आसन करने होंगे। हर योग टीम के लिए सूर्य नमस्कार अनिवार्य होगा। इसके बाद पांच आसान करने होंगे।
हर गतिविधि पर होगी नजर
योग एथलीटों की हर हरकत पर निणाZयकों की नजर होगी। सॉफ्टवेयर आधारित माइक्रो सिस्टम से भी एथलीटों पर नजर रखी जाएगी। डिफिकल्टी जज एथलीट की स्थिरता देखेंगे और इवोल्यूशन जज चेहरे के भाव। योगासन के दौरान एथलीट के चेहरे पर शांति के भाव होने चाहिए। ऐसा न होने पर या ध्यान इधर उधर भटकने पर अंक कटेंगे। इसी तरह तय समय तक स्थिरता से योगासन न करने पर भी अंक कटेंगे।
दूसरे संस्करण में शामिल किया गया योग
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में दूसरी बार योग को शामिल किया गया है। इससे पहले बंगलूरू में आयोजित खेलो इंडिया के दूसरे संस्करण में 16 विश्वविद्यालयों के 98 योग एथलीटों ने हिस्सा लिया था। इस बार 17 विश्वविद्यालयों के 102 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
भव्य होगा समापन, सीएम योगी होंगे मुख्य अतिथि
खेलो इंडिया के समापन समारोह के मद्देनजर जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बुधवार को रायफल क्लब सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। तीन जून को बीएचयू के आईआईटी जिमखाना मैदान में प्रतियोगिता का समापन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में पांच हजार से अधिक दर्शक होंगे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था व अन्य सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों को डीएम ने जिम्मेदारी सौंपी।