MGKVP: काशी विद्यापीठ की निशा को मिलेगा अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक, लिखने का है शौक; जानें इनके बारे में
Varanasi News: काशी विद्यापीठ की छात्रा निशा को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। बीकॉम के बाद उन्होंने पत्रकारिता में परास्नातक की पढ़ाई चुनी। लेखन में विशेष रुचि रखने वाली निशा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह उपलब्धि हासिल की है।
विस्तार
काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में कुल 128 विद्यार्थियों को पदक दिया जाएगा। इसमें एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार(एमजेएमसी) की छात्रा निशा सिंह को अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा।
अमर उजाला से बातचीत में निशा सिंह ने कहा कि बचपन से ही मुझे लिखने का शौक था, इसी वजह से बीकॉम करने के बाद पत्रकारिता से परास्नातक की पढ़ाई की राह चुनी। स्वर्ण पदक पाने की जानकारी तीन दिन पहले ही मिली। इससे पूरा परिवार और मैं बहुत खुश हूं।
विवि में एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी की स्मृति में स्वर्ण पदक दिया जाता है। काशी विद्यापीठ में 28 जुलाई को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए विवि प्रशासन की ओर से मेधावियों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें एमजेएमसी की छात्रा निशा सिंह को अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक देने का निर्णय लिया गया है।
निशा को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में हुए समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल पदक देकर सम्मानित करेंगी। निशा ने बताया कि पत्रकारिता समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और सच्चाई को सामने लाती है। आगे पीएचडी करने का सपना है। पीएचडी की तैयारी के साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी चल रही है। उधर, पत्रकारिता एवं जनसंचार संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने भी निशा को इस सफलता के लिए बधाई दी।
पिता हैं किसान, एमजेएमसी में 8.5 सीजीपीए
बिहार के वैशाली की रहने वाली निशा सिंह के पिता विनय कुमार सिंह किसान और माता अंजू देवी गृहिणी हैं। निशा ने बताया कि एमजेएमसी परीक्षा में 8.5 सीजीपीए के साथ सफलता अर्जित की है। 2021 में रांची के डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल से 94 प्रतिशत और 2024 में पटना विमेंस कॉलेज से बीकॉम की परीक्षा 75 प्रतिशत के साथ पास करने वाली निशा और उनका पूरा परिवार स्वर्ण पदक पाने की सूचना से बेहद खुश है।