Juma Ki Namaz: वाराणसी में पुलिस विशेष सतर्क, आज भी ड्रोन से निगरानी, अफवाह फैलाने वाले जाएंगे जेल
प्रयागराज सहित विभिन्न शहरों में पिछले शुक्रवार को हुई हिंसा को देखते हुए इस जुमे को लेकर वाराणसी पुलिस काफी सतर्क है। बुनकर बिरादराना तंजीम बाईसी कमेटी के सरदार हाजी हाफिज मोईनुद्दीन ने अपील जारी करते हुए कहा है कि जुमे की नमाज शांति से पढ़ें और सड़क पर बेवजह भीड़-भाड़ ना करें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज सहित विभिन्न शहरों में पिछले शुक्रवार को हुई हिंसा को देखते हुए इस जुमे को लेकर पुलिस काफी सतर्क है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आदमपुर, जैतपुरा, चौक के दालमंडी, नई सड़क, हड़हा सराय, बेनिया और मदनपुरा, बजरडीहा आदि इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। भेलूपुर क्षेत्र के रेवड़ी तालाब, बजरडीहा आदि संवेदनशील स्थानों में फोर्स तैनात है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सभी धर्म गुरुओं से शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है।
गुरुवार शाम को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पुलिस अधिकारियों ने आरएएफ, पीएसी और पुलिसकर्मियों संग फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने शांति व्यवस्था की अपील करते हुए कहा कि किसी ने भी अफवाह या नफरत फैलाने की कोशिश की तो उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने शाम में राजपत्रित अधिकारियों संग वर्चुअल संवाद करते हुए तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान निर्देशित किया कि मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस की बराबर गश्त रहे, दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ पुलिस गश्त करें और संवेदनशील इलाकों की ड्रोन कैमरे से निगरानी रखे। सोशल मीडिया पर कोई भी राष्ट्रविरोधी संदेश प्रसारित करता है तो उसे तत्काल गिरफ्तार करें। आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करें।
शाम के समय आदमपुर थाना के संवेदनशील इलाकों में एडीसीपी वरुणा जोन प्रबल प्रताप सिंह के नेतृत्व में आरएएफ और पीएसी संग गश्त किया गया। उधर, डीसीपी काशी आरएस गौतम ने भेलूपुर स्थित एक होटल में जोन के सभी धर्म गुरुओं और प्रबुद्धजनों, पार्षदों संग बैठक के दौरान कहा कि आसपास व मोहल्ले आदि जगहों पर कोई भी अराजकता फैलाने की कोशिश करता है तो तत्काल इसकी सूचना नजदीकी चौकी व थाना को दें।
जुमे की नमाज के बाद ना लगाएं सड़कों पर भीड़
बीते जुमे के बाद देश भर में हुए हंगामे को देखते हुए पुलिस प्रशासन के साथ ही मुस्लिम धर्मगुरु और प्रबुद्ध लोगों ने समाज से अपील की है कि वह शांति बनाए रखें। कोई ऐसी हरकत ना करें जो कानून के दायरे के बाहर हो और शहर का अमनो अमान में किसी भी तरह का खलल पैदा हो। इसके साथ ही शांति से जुमे की नमाज पढ़ने की अपील की है।
बुनकर बिरादराना तंजीम बाईसी कमेटी के सरदार हाजी हाफिज मोईनुद्दीन ने अपील जारी करते हुए कहा कि बनारस गंगा जमुनी तहजीब का शहर है। यहां हर मजहब के लोग मिलजुलकर रहते हैं। सरदार ने मुस्लिम भाईयों से गुजारिश की है कि जुमे की नमाज पढ़कर अपने घरों को जाएं। सड़कों पर भीड़ वगैरह न लगाएं, कोई भी ऐसी अफवाहों से दूर रहें जिससे हमारे शहर की गंगा जमुनी तहजीब में खलल पड़े। कोई भी ऐसी पोस्ट करने से बचें जो आपसी भाईचारे में दरार डाले।
जमीयत उलमा बनारस के जिलाध्यक्ष मौलाना अब्दुल्लाह नासिर काजमी ने भी अपील की है कि शहर के अमन ओ अमान और भाईचारा बनाए रखने में अपनी मिल्ली जिम्मेदारी का सबूत दें। जुमा की नमाज अदा करने के बाद बिना जरूरत सड़कों और रास्तों पर भीड़ न लगाएं। खुद भी अमल करें और दूसरों को भी मुतावज्जा करें। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने भी मुस्लिम समाज से अपील की है कि वह जुमे की नमाज शांति से पढ़ें और सड़क पर बेवजह भीड़-भाड़ ना करें।
मौलानाओं की अपील
जुमे की नमाज अपनी मस्जिदों में शांति के साथ अदा करें। कोई काम ऐसा न करें जिससे की सौहार्द खराब हो। इससे हर शख्स को बचना होगा। इलाके में अमनचैन कायम रखना हम सब की जिम्मेदारी है। इसमें सभी को एक साथ खड़ा होने की जरूरत है। -मौलाना अनवार कासमी
जो माहौल चल रहा है इसमें दिल और दिमाग से काम लेना होगा। कोई ऐसी बात नहीं होने चाहिए जो माहौल में अशांति फैलाए। हम सब का फर्ज बनता है कि जुमे की नमाज अमनचैन के बीच अदा करें। खुदा से दुआ करें कि अपना शहर महफूज रहे और अमनचैन कायम रहे। सभी में भाईचारगी पैदा हो। -मौलाना उजैर