जौनपुर: यूकेजी के छात्र का अपहरण कर हत्या मामले में शाहगंज एसओ लाइन हाजिर, मीरगंज और पंवारा एसओ भी हटाए गए
यूपी के जौनपुर जिले में यूकेजी के छात्र अभिषेक की हत्या के मामले में एसपी ने देर रात शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वर मिश्र को लाइन हाजिर कर दिया है। शाहगंज में अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है। कई अन्य एसओ और एसआई का भी कार्यक्षेत्र बदला गया है।
शाहगंज में दुर्गेश्वर मिश्र को कुछ माह पहले ही तैनात किया गया था। उनके कार्यकाल में कई अन्य घटनाएं भी हुई हैं। इनके अलावा मीरगंज प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार को विवेचना सेल क्राइम ब्रांच, पंवारा एसओ सैयद हुसैन मुंतजिर को मीडिया सेल, एसआई सेतांशु शेखर पंकज को बरसठी से पंवारा एसओ, एसआई श्रीप्रकाश राय को सिंगरामऊ से मीरगंज थानाध्यक्ष के पद पर तैनाती दी गई है। आगे पढ़ें, युवक पर चाकू से हमला...
बहन की ससुराल गए युवक को मारा चाकू
जौनपुर के चन्दवक थाना क्षेत्र के लोहरा खुर्द गांव में रविवार की रात बहन की ससुराल गए युवक को पड़ोसियों ने चाकू मार दिया। पेट, पीठ और कंधे पर चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केराकत के सुरतपुर गांव निवासी गोविंद चौहान (25) अपनी बहन सरोजा देवी को पहुंचाने उसकी ससुराल लोहरा खुर्द गया था। वहां से लौटते समय जमीन विवाद में बहन के पड़ोसियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आनन फानन उसे जिला अस्पताल लाया गया।