जौनपुर में बोले सीएम योगी- जिले की पहचान इमरती से, इसे ब्रांड बनाकर पूरे देश में फैलाएंगे मिठास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जौनपुर में पहुंचकर उत्तर प्रदेश की होने वाली आठ सीटों पर उपचुनाव का शंखनाद कर दिया। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार पर भी निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने संबोधन में जौनपुर की पहचान इमरती को पूरे विश्व में ब्रांड बनाने की बात कही।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक वक्त था जब जिले की पहचान इमरती और इत्र से होती थी। जौनपुर की इमरती का स्वाद दुनिया में मशहूर है। इसी तरह अच्छी खुशबू वाले इत्र के लिए भी जौनपुर पूरे देश में जाना जाता रहा। बाद में जौनपुर की पहचान मूली और मक्का से जोड़ दी गई।
पूर्ववर्ती सपा सरकार में प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शनी में जौनपुर की मूली को सराहा गया। इसके बाद तो मूली से जौनपुर की पहचान हो गई। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में फिर से जौनपुर की पहचान को इमरती और इत्र जैसे उत्पादों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इमरती की मिठास को आगे बढ़ाने के लिए इसे ब्रांड बनाया जाएगा। सरकार इसमें सहयोग करेगी, ताकि पूरे देश-दुनिया में इसका स्वाद पहुंच सके।
इसी तरह दम तोड़ चुके इत्र उद्योग को भी नए सिरे से बढ़ाया जाएगा। सीएम ने कहा कि जौनपुर का इत्र उद्योग कन्नौज से भी पुराना है। इस पहचान को वापस लौटाया जाएगा।
किसान बिल का विरोध करने वाले किसान विरोधी
संबोधन के दौरान सीएम ने संसद में पारित किसान बिल का विरोध करने वालों को किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने का जो वादा किया था, यह बिल उसी की कड़ी है।
यह बिल किसानों को बिचौलियों से मुक्त करेगा। उन्हें अपनी उपज अपने अनुसार बेचने की छूट मिलेगी। विपक्ष इस पूरे बिल पर जनता को बरगला रहा है, लेकिन उनकी मंशा सफल नहीं होने दी जाएगी।
उपचुनाव जीतने का मूल मंत्र
कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए सीएम ने कहा कि बूथ जीतने का लक्ष्य लेकर चुनावी समर में उतर जाएं। अगर बूथ जीत गए तो विधानसभा भी जीत जाएंगे। इसके लिए सरकार की सभी लाभार्थी योजनाओं को लेकर घर-घर जाने की अपील की।