Indian Railway: बलिया-प्रयागराज मेमू समेत दो जोड़ी ट्रेन दो दिन निरस्त, कई ट्रनों का समय बदला
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज खंड पर हंडिया खास-रामनाथपुर और राजातालाब-हरदत्तपुर के मध्य ब्रिज के मरम्मत के कारण दो जोड़ी ट्रेनें 10 से 20 मार्च निरस्त कर दी गई हैं। जबकि कुछ ट्रेनें समय परिवर्तन के साथ चलेंगी।
विस्तार
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रयागराज रामबाग- बलिया और बनारस-प्रयागराज रामबाग स्पेशल ट्रेन 16 एवं 20 मार्च को निरस्त रहेगी। बताया जा रहा है कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज खंड स्थित हंडिया खास-रामनाथपुर एवं राजातालाब-हरदत्तपुर के मध्य ब्रिज के पुनर्निर्माण की वजह से रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है।
इस वजह से कुछ ट्रेनें जहां निरस्त की जा रही हैं तो वहीं विभूति एक्सप्रेस को विलंब से रवाना किए जाने की तैयारी रेलवे ने की है। पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 05169 बलिया-प्रयागराज रामबाग एवं 05170 प्रयागराज रामबाग-बलिया अनारक्षित विशेष ट्रेन 16 एवं 20 मार्च को निरस्त रहेगी।
इसी अवधि में 05196 प्रयागराज रामबाग-बनारस एवं 05195 बनारस-प्रयागराज रामबाग स्पेशल भी निरस्त रहेगी। साथ ही 16 मार्च को 12334 प्रयागराज रामबाग-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस 90 मिनट की देरी से 16 मार्च को एवं 20 मार्च को 60 मिनट की देरी से रवाना होगी। इसी तरह दानापुर से 20 मार्च को चलने वाली 12792 दानापुर-सिकन्दराबाद एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से प्रयागराज पहुंचेंगी।
रेल कर्मियों ने बाइक रैली व मशाल जुलूस निकाला
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस) के बैनर तले बुधवार को रेल कर्मियों ने प्रदर्शन किया। साथ ही रनिंग कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। कैंट रेलवे स्टेशन के डीजल लॉबी से बाइक रैली निकाली, जो डीआरएम कार्यालय तक जाकर समाप्त हुई। संगठन कार्यालय से मशाल जुलूस भी निकाला गया।
ये भी पढ़ें: अब देश में दौड़ेगी दुनिया की सबसे फास्ट मैग्लेव और हॉयपर लूप ट्रेन, बुलेट और हवाई जहाज से भी है तेज
पीआरकेएस के महामंत्री विनोद कुमार राय ने कहा कि रनिंग कर्मचारी भारतीय रेलवे की रीढ़ हैं। जिस तरह से दबाव बनाकर रनिंग कर्मचारियों की सुविधाएं को छीनी जा रही हैं, उससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। लिहाजा, उत्पीड़न बंद किया जाना चाहिए। एनएफआईआर के जोनल सचिव रमेश मिश्रा ने मोबाइल रनिंग रूम में बंद रखने, समय से मुख्यालय न आने देने व गुणवत्तापूर्ण भोजन न दिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सहायक लोको पायलट को पदोन्नति नहीं दी जा रही है। रनिंग शाखा के सचिव श्याम कुमार झा ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग रखी।
ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की मौत
बिहार के खगड़िया जनपद के सकरोहर राजपूत टोला निवासी पारस (24) पुत्र सीताराम ट्रेन से घर जा रहा था। पीडीडीयू नगर स्टेशन के आगे बरठी गांव के समीप ट्रेन से गिर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के झोले से मिले पहचान पत्र के माध्यम से परिजनों को सूचित किया।
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल विमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि शव की शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचित कर दिया गया था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा।