आईएमएस बीएचयू: मशीन खरीदारी में गड़बड़ी की जांच करने दिल्ली से पहुंची विजिलेंस टीम, तीन चरणों में हुई पूछताछ
Varanasi News: आईएमएस बीएचयू में 60 और 66 लाख रुपये की मशीन 3.64 करोड़ रुपये में खरीदे जाने की शिकायत की गई थी। इस मामले में जांच के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली से विजिलेंस टीम बीएचयू पहुंची। यहां कागजातों की जांच के साथ ही पूछताछ भी की गई।
विस्तार
आईएमएस बीएचयू में मशीनों की खरीदारी में कथित अनियमितता की शिकायत की जांच के लिए दिल्ली से विजिलेंस की दो सदस्यों की टीम बीएचयू पहुंची है। टीम के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को एलडी गेस्ट हाउस में सुबह 10 बजे से देर रात तक आईएमएस निदेशक सहित अन्य अधिकारियों से पूछताछ की। शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए दस्तावेजों की सत्यता की भी टीम ने कागजातों का परीक्षण कर जांच की।
अमर उजाला ने 24 जून को आईएमएस में 3.64 करोड़ रुपये की मशीन खरीद से संबंधित खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। मामला आईएमएस बीएचयू के सर्जरी विभाग में मशीनों की खरीद से जुड़ा है। 17 जून को शिकायतकर्ता ने ईमेल के माध्यम से कुलपति, कुलसचिव, ईसी सदस्य और चीफ विजिलेंस ऑफिसर से शिकायत कर जांच की मांग की थी।
शिकायत में साक्ष्यों के साथ बताया गया था कि जिस प्रकार की मशीन एम्स नई दिल्ली में 66 लाख रुपये और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में 60 लाख रुपये में खरीदी गई, उसी प्रकार की मशीन आईएमएस में प्रति मशीन 3.64 करोड़ रुपये में खरीदी गई। जेम पोर्टल के माध्यम से 21.89 करोड़ रुपये की लागत से छह आधुनिक एयरबोर्न बायोलोड कंट्रोल डिवाइस मशीनों की खरीद को स्वीकृति दी गई थी। इसके अनुसार प्रति मशीन की कीमत करीब 3.64 करोड़ रुपये बैठती है।
बृहस्पतिवार को विजिलेंस टीम ने ट्रॉमा सेंटर में भी इस मशीन की खरीद से संबंधित कागजात जांच के लिए मंगाए। वहां पता चला कि ट्रॉमा सेंटर में इसी मशीन की खरीद 53 लाख रुपये में की गई थी। एक ही प्रकार की मशीन अलग-अलग संस्थानों में अलग-अलग कीमत पर खरीदे जाने के मामले की जांच जारी है। ऐसे में मामले में आगे महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
एलडी गेस्ट हाउस में शाम तक खड़ी रहीं अधिकारियों की गाड़ियां
आईएमएस बीएचयू में मशीन खरीद की जांच करने पहुंची टीम ने मामले से जुड़े लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। बृहस्पतिवार को आईएमएस निदेशक के साथ ही बीएचयू अस्पताल और आईएमएस के कई वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन एलडी गेस्ट हाउस के बाहर खड़े रहे। आईएमएस कार्यालय की ओर से कुछ कर्मचारी भी एक वाहन से आवश्यक कागजात लेकर एलडी गेस्ट हाउस पहुंचे। विजिलेंस टीम ने इन दस्तावेजों की गहन जांच की। पूछताछ देर शाम तक जारी रही।
4 की जगह 4.412 मशीन खरीदने का बिल, प्रोफेसर ने भी उठाया था सवाल
आईएमएस बीएचयू में मशीन खरीद की जांच के दौरान एक और बिंदु चर्चा में है। शिकायत के अनुसार, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज और एम्स नई दिल्ली की तुलना में अलग दर पर मशीन खरीदे जाने के साथ-साथ चार मशीनों के स्थान पर 4.412 मशीन का बिल लगाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। सवाल यह उठाया गया कि किसी मशीन की खरीद संख्या सामान्यतः पूर्णांक में होती है, ऐसे में 4.412 कैसे दर्शाया गया। इसे लेकर बीएचयू के हृदय रोग विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ओमशंकर ने भी सवाल उठाया था। उन्होंने फेसबुक पर संबंधित बिल पोस्ट करते हुए मामले की जांच की मांग की थी।