टैक्स चोरी: वाराणसी के आईपी, जेएचवी मॉल और रमाडा होटल को नगर निगम की नोटिस, 15 दिन की मोहलत
वाराणसी नगर निगम के अधिकारियों ने शहर के तीन बड़े प्रतिष्ठानों को उनके वास्तविक निर्माण के सापेक्ष कम गृहकर जमा करने पर नोटिस जारी की।
विस्तार
वाराणसी शहर में कई ऐसे प्रतिष्ठान और घर हैं, जिनके खिलाफ गृहकर चोरी की शिकायतें आती हैं। ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम विशेष अभियान चला रहा है। गुरुवार को नगर निगम के अधिकारियों ने शहर के तीन बड़े प्रतिष्ठानों को उनके वास्तविक निर्माण के सापेक्ष कम गृहकर जमा करने पर नोटिस जारी की।
अपर नगर आयुक्त राजीव राय ने बताया कि अभियान के तहत सिगरा स्थित आईपी मॉल, छावनी स्थित जेएचवी मॉल व रमाडा होटल की नपाई कर भवनों के क्षेत्रफल की पैमाइश की गई। इसमें पाया गया कि तीनों प्रतिष्ठान में आईपी मॉल 15 लाख की बजाय 6.25 लाख रुपये, जेएचवी मॉल 26.62 लाख की बजाय 11.03 लाख रुपये तथा रमाडा होटल 23.82 लाख की बजाय 14 लाख ही गृहकर जमा कर रहे हैं।
जांच की कार्रवाई निरंतर चलेगी
इन तीनों प्रतिष्ठानों को बकाया गृहकर जमा करने के लिए नोटिस दी गई तथा अगले 15 दिन के अंदर जवाब मांगा है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो विभाग इनसे ब्याज सहित गृहकर की वसूली करेगा। इसी प्रकार भेलूपुर जोनल अधिकारी राजेश अग्र्रवाल ने भी अस्सी स्थित होटल हाइफा और होटल दिव्या को नोटिस भेजा।
राजीव राय ने बताया कि शहर के बड़े व्यवसायिक भवनों को चिह्नित कर लिया गया है, जिसकी जांच की कार्रवाई निरंतर चलेगी। इस मौके पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा, वरुणा पार जोनल अधिकारी प्रमिता सिंह, दशाश्वमेध जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद समेत कर अधीक्षक आदि मौजूद थे।
अवैध निर्माणों की जांच के लिए वीडीए ने शहर में उतारी नौ टीमें
लखनऊ होटल अग्निकांड के बाद वाराणसी में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती शुरू की गई है। विकास प्राधिकरण ने गुरुवार को शहर में नौ टीमों का गठन कर मानक की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माणों की सूची बनाने का काम शुरू किया है।
पहले चरण में शहर के मॉल्स और होटल का सर्वे कराया जा रहा है और इसके बाद अस्पताल व व्यावसायिक भवनों के अवैध निर्माणों पर सील की कार्रवाई की जाएगी। वाराणसी में संकरी गलियों में अवैध निर्माण और पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही मानकों की अनदेखी के साथ चल रहे होटल प्रशासन के लिए चिंता का सबब बने हैं।