सोनभद्र में कपड़ा साफ करते समय पैर फिसलने से कुएं में गिर कर किशोरी की मौत
सोनभद्र जिले के घोरावल नगर के वार्ड नंबर तीन में कुएं पर एक किशोरी कपड़े साफ कर रही थी। पानी निकालते समय पैर फिसलने से किशोरी कुएं में गिर गई। करीब 15 मिनट बाद किशोरी को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के मामा घोरावल निवासी राजू सोनकर ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे उसकी भांजी काजल (16) घर से पास कुएं पर कपड़ा साफ करने के लिए गई थी। कपड़े साफ करने के लिए कुएं से पानी निकालते समय काजल का पैर फिसल गया और रस्सी व बाल्टी समेत वह कुएं में गिर पड़ी। काजल के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे। लेकिन काजल की मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी होने पर एसडीएम जैनेंद्र सिंह, सीओ संजय वर्मा, चौकी प्रभारी प्रमोद यादव व स्थानीय सभासद राजेश गुप्ता घोरावल सीएचसी पहुंचे। परिजनों ने कंटिया के सहारे काजल के शव को निकाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक काजल करीब 15 मिनट तक कुएं में डूबी रही। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ मुन्ना प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में काजल को मृत अवस्था में लाया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।