Ghazipur News: 20 साल बाद न्याय, कोर्ट के आदेश पर महिला को मिली अपनी जमीन, छलक पड़े आंसू; जताया आभार
Ghazipur News: जिले में वर्ष 2006 से लंबित न्यायालय के आदेश का पालन कर राजस्व विभाग ने मटुकपुर निवासी तारा देवी को उनकी भूमि पर कब्जा दिलाया। पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध बाउंड्री हटाई गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई में पैमाइश कर स्पॉट मेमो तैयार किया गया और संबंधित पक्षों के हस्ताक्षर कराए गए।
विस्तार
UP News: गाजीपुर में वर्ष 2006 से लंबित न्यायालय के आदेश का राजस्व विभाग ने आखिरकार अनुपालन कराते हुए बुधवार को एक महिला को उसकी भूमि पर कब्जा दिला दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध बाउंड्री हटवाकर भूमि खाली कराई गई और विधिवत कब्जा आवेदिका को सौंपा गया।
राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार राय ने बताया कि मटुकपुर निवासी तारा देवी पत्नी रोहित कुमार की ओर से न्यायालय के आदेश के अनुपालन के लिए हाल ही में जिलाधिकारी के जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश एवं उपजिलाधिकारी सदर के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर न्यायालय के आदेश का पालन कराया।
उन्होंने बताया कि न्यायालय द्वारा पारित धारा 116 के आदेश के अनुपालन में मौके पर पैमाइश और आवश्यक कार्रवाई की गई। अवैध रूप से की गई बाउंड्री को जेसीबी की मदद से हटवाया गया, जिसके बाद आवेदिका को उसकी भूमि पर विधिवत कब्जा दिलाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर स्पॉट मेमो भी तैयार किया गया, जिस पर संबंधित पक्षों के हस्ताक्षर कराए गए।
राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार राय ने कहा कि न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध और निष्पक्ष अनुपालन प्रशासन की प्राथमिकता है। लंबे समय से लंबित मामलों का निस्तारण कर पात्र व्यक्तियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए राजस्व विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।
करीब दो दशक पुराने विवाद के समाप्त होने के बाद आवेदिका ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार राय, लेखपाल प्रदीप कुमार गुप्ता एवं उपेंद्र शर्मा सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।