Varanasi: तीन साल में पैसा दोगुना करने के नाम पर 37 लाख की ठगी, भुक्तभोगी महिला ने पुलिस से लगाई गुहार
वाराणसी के खजुरी गांव की योगिता सिंह की बहन और रिश्तेदार के साथ ही तीन अन्य लोगों ने तीन साल में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 37 लाख रुपये ठग लिया। योगिता की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
खजुरी गांव की योगिता सिंह की बहन और रिश्तेदार के साथ ही तीन अन्य लोगोंं ने तीन साल में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 37 लाख रुपये ठग लिया। इस मामले में मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने सोमवार को योगिता की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी की रहने वाली योगिता सिंह अपनी जमीन बेच कर पैसा बैंक में जमा की थी। आरोप है कि इसकी भनक लगने पर योगिता के घर गोरखपुर से उनकी बहन ज्योतिसा व रिश्तेदार पंकज सिंह आए। दोनों ने योगिता को बताया कि बड़े बिल्डरों और कारोबारियों से उनके अच्छे संबंध हैं।
बिल्डरों और कारोबारियों के माध्यम से पैसे का निवेश करने पर बैंक से ज्यादा ब्याज मिलेगा। इसके साथ ही निवेश किया गया पैसा तीन साल में दोगुना हो जाएगा। दोनों के झांसे में आकर योगिता ने वर्ष 2019 में तीन बार में 37 लाख 31 हजार रुपये उन्हें दे दिया।
तीन वर्ष बीत जाने के बाद वर्ष 2023 में अपने पैसे योगिता मांगी तो उनकी बहन और रिश्तेदार ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। योगिता द्वारा रुपये की वापसी का दबाव बनाने पर बहन और रिश्तेदार ने 37 लाख 31 हजार रुपये की जगह 32 लाख रुपये का पांच चेक दिया। पांचों चेक बाउंस हो गए। परेशान योगिता ने पुलिस से गुहार लगाई।
योगिता की तहरीर के आधार पर बहन ज्योतिसा व रिश्तेदार पंकज सिंह के साथ ही गोरखपुर निवासी ज्ञान मणि त्रिपाठी, पूर्णिमा त्रिपाठी व आनंद प्रकाश मणि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस बाबत थाना प्रभारी दीपक कुमार राणावत ने बताया कि भुक्तभोगी महिला के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।