PDDU Nagar: यात्री से लूट मामले में GRP के निलंबित चार सिपाही फरार, गिरफ्तारी के बाद ही खुलेगी असलियत
पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री से पैसा छीनने के आरोप में जीआरपी के चार सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ने चारों सिपाहियों को निलंबित भी कर दिया है। चारों फरार हैं। जिस शख्स के बैंक खाते में रुपये मंगाये गए थे उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
विस्तार
हावड़ा-दिल्ली रूट पर अतिव्यस्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे (पीडीडीयू नगर) स्टेशन पर यात्री से पैसा छीनने के आरोपी जीआरपी के चार सिपाही फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। वहीं पैसा अपने बैंक खाते में मंगाने वाले पवन पांडेय को गिरफ्तार जीआरपी ने जेल भेज दिया। सिपाहियों की गिरफ्तारी और पूछताछ से स्टेशन पर जीआरपी की कारस्तानी सामने आ पाएगी। यात्री से पैसा छीनने के आरोप में शुक्रवार को जीआरपी के चार सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी ने चारों सिपाहियों को निलंबित भी कर दिया है।
पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर 21 फरवरी की रात में सियालदह जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन से जनरल कोच में यात्रा कर रहे हंटरगंज चतरा झारखंड निवासी मिथलेश कुमार और उसके मित्र धर्मेंद्र को जीआरपी कर्मियों ने उतार लिया। दोनों को दूसरे प्लेटफॉर्म पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन में ले गए। उनकी पिटाई करने के बाद पैसे की मांग की।
99 हजार रुपये लेने के बाद छोड़ा
उन्होंने प्रयागराज निवासी पवन पांडेय को ऑनलाइन 99 हजार रुपये ट्रांसफर किए तो दोनों को छोड़ दिया गया। इसकी शिकायत मिलने पर एडीजी ए सतीश गणेश ने मामले की जांच कराई। एसपी जीआरपी अष्टभुजा सिंह और सीओ कुंअर प्रभात सिंह ने मामले की जांच की।
कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में सिपाही
पीड़ितों को सीओ ऑफिस बुलाकर लूट में शामिल सिपाहियों की पहचान कराई गई। शिनाख्त के बाद सिपाही संजय यादव, अजीत सिंह, प्रकाश सिंह और अखिलेश पासवान को एसपी ने निलंबित कर है। उन पर लूट, बंधक बनाने और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से चारों सिपाही फोन स्विच ऑफ कर फरार हैं।
जीआरपी ने पैसा अपने एकाउंट में मंगाने वाले पवन पांडेय को गिरफ्तार कर रविवार को चालान कर दिया गया। सीओ कुंअर प्रभात सिंह ने बताया कि चारों सिपाहियों के गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि चारों सिपाही न्यायालय में आत्मसर्पण की तैयारी में हैं।
पढ़ें: यात्री को मारपीट कर पैसा लूटने के मामले में GRP के चार सिपाही निलंबित, मुकदमा भी दर्ज
ऐसे कई सवाल जिनके जवाब का इंतजार
जीआरपी के सिपाहियों ने यात्रियों से इतने रुपये क्यों मांगे। उन्होंने किस तरह का भय दिखाकर यात्रियों से इतनी बड़ी रकम वसूल ली। पीडीडीयू नगर जंक्शन यात्रियों से छिनैती, लूट के लिए बदनाम रहा है। यहां दो दशक पहले अवैध वेंडिंग को लेकर हत्या हो चुकी है। पिछले कुछ वर्षों से लूट की घटनाएं सामने नहीं आ रहीं थीं। नशीले पदार्थ, सोना-चांदी की तस्करी, नकली नोट, कछुआ तस्करी के खुलासे जरूर होते रहे हैं।
सियालदह जम्मूतवी एक्सप्रेस के यात्रियों से पुलिस की वसूली की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मिथलेश और धर्मेंद्र को क्यों पकड़ा गया। उनको धमका कर इतनी बड़ी रकम कैसे वसूल की गई। सिपाहियों ने दूसरे के एकाउंट में पैसे क्यों मंगवाए। वसूली का यह नेटवर्क कितना बड़ा है और कब से चल रहा है। इसके पीछे किसी अधिकारी का भी हाथ है। इन सब बातों का खुलासा उनसे पूछताछ के बाद ही होगा।