वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर गोपीगंज में बना फ्लाईओवर हुआ शुरू, जाम से मिलेगी निजात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर गोपीगंज नगर में बने फ्लाई ओवर ब्रिज पर रविवार को आवागमन शुरू हो गया। बहुप्रतीक्षित ओवर ब्रिज का एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीनिवास रेड्डी ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
इसके साथ ही ओवर ब्रिज से यातायात का आवागमन शुरू हो गया। ओवर ब्रिज चालू होने से गोपीगंज नगर के लिए नासूर बनी जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
राजमार्ग को सिक्सलेन में परिवर्तित करने के लिए नगर में एनएचएआई की ओर से ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा था। ओवरब्रिज पर जून में आवागमन चालू होना था, लेकिन लॉकडाउन के कारण काम बंद हो गया था। तीन माह बाद एक बार फिर निर्माण कार्य शुरु हुआ तो गति पकड़ लिया।
अक्तूबर में आवागमन चालू कराने के लक्ष्य के साथ शुरू हुआ कार्य पूरा हो गया तो इसको चालू करने की कवायद शुरू कर दी गई। रविवार को दिन में साढ़े 12 बजे आयोजित समारोह में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी में प्रोजेक्ट मैनेजर रेड्डी ने पुल को विधिवत यातायात के लिए चालू करा दिया।
विजय दशमी के शुभ मुहूर्त में आवागमन शुरू कराने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा था। शनिवार की रात ओवर ब्रिज पर लगे पोल की लाइट जलने लगी तो लोगों को आवागमन की आहट मिल गई। रविवार को दिन में आवागमन चालू हो जाने के बाद नगर में ध्वनि और वायु प्रदूषण से निजात मिल गई।
इस मौके पर एनएचएआई के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल, सिराज अख्तर, मिथिलेश, दिनेश कुमार, रमेश कौशल आदि मौजूद रहे।