Flood in UP: वाराणसी के 18 से अधिक मोहल्लो में पहुंचा वरुणा का पानी, गंगा चेतावनी बिंदु से 72 सेंटीमीटर नीचे
वाराणसी में एक बार फिर गंगा और वरुणा का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसको लेकर आबादी वाले क्षेत्र में दहशत फिर से बन गई है। गंगा का पानी चेतावनी बिंदु से मात्र 72 सेंटीमीटर दूर है।
विस्तार
Flood in Varanasi: गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। महज चार दिनों में गंगा के जलस्तर में 2.6 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बनारस में गंगा अब चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर से 72 सेंटीमीटर नीचे बह रही हैं और जलस्तर 69.54 मीटर तक पहुंच चुका है। गंगा के कारण वरुणा में पलट प्रवाह के कारण 18 से अधिक मोहल्लों में बाढ़ का पानी घुस चुका है।
केंद्रीय जल आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार की सुबह गंगा का जलस्तर 69.36 मीटर था और जलस्तर में हर घंटे तीन सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हो रही थी। रात आठ बजे तक गंगा का जलस्तर 69.54 मीटर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने की रफ्तार एक सेंटीमीटर कम हुई और हर घंटे दो सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा था। दोपहर बाद गंगा का पानी दशाश्वमेध घाट स्थित जलपुलिस चौकी में प्रवेश कर गया। वहीं, अस्सी घाट की सड़क पर दोबारा गंगा का पानी पहुंच चुका है।
मणिकर्णिका घाट पर छत पर शवदाह हो रहा है और हरिश्चंद्र घाट की गलियों में शव जलाया जा रहा है। गंगा के साथ वरुणा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
फिर बनी परेशानी
गंगा की सहायक नदी वरुणा का जलस्तर बढ़ने से सलारपुर, सराय मोहना, तातेपुर, कोनिया, विजईपुरा, सरैयां, तीनपुलिया, शक्कर तालाब, तालीम नगर, हिदायत नगर, मीरा घाट, धोबी घाट, बिछुआनाथ अखाड़ा, ढेलवरिया, हुकुलगंज, बघवानाला, मौज हाल, दनियालपुर और पुलकोहना जैसे मोहल्लों में पानी घरों तक पहुंच गया। वरुणा नदी से जुड़े नालों के ओवरफ्लो होने से रूपनपुर, पैगंबरपुर और तड़िका चकबही इलाके में 50 से अधिक घरों में सीवर का पानी भर गया था।