त्योहार: नो अतिक्रमण- नो जाम की थीम पर काम करेगी पुलिस, ये इलाके बनेंगे नो-एंट्री जोन; ये है ट्रैफिक प्लान
Diwali 2025: वाराणसी में त्योहार को लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाने की कवायद तेज कर दी गई है। भीड़ वाले इलाकों में पुलिस टीम यातायात को ठीक करेगी। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा ने कई इलाकों का भ्रमण भी किया है।
विस्तार
Varanasi News: धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ में यातायात दबाव और सुरक्षा चुनौतियों को लेकर कमिश्नरेट पुलिस तैयारियों में जुट गई है। सोमवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा ने कज्जाकपुरा, राजघाट, वसंता कॉलेज मोड़, नमो घाट से लेकर सुजाबाद तक के मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों पर अतिक्रमण, ठेला-खोमचा, अव्यवस्थित पार्किंग और दुकानदारों के सामानों पर नाराजगी जताई।
एसीपी और थाना प्रभारी को कार्रवाई को कहा। कहा कि नो अतिक्रमण–नो जाम की थीम पर काम करना है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण-मुक्त सड़क होनी चाहिए। नगर निगम, पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाए। आपातकालीन सेवाओं एंबुलेंस, अग्निशमन और अस्पताल मार्गों को हर स्थिति में खुला रखा जाए।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने कहा कि प्रमुख बाजारों, घाटों और पूजा स्थलों के आसपास नो-एंट्री जोन, वन-वे सिस्टम लागू किया जाएगा। वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। ट्रैफिक प्लान को सोशल मीडिया, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और बैनर-पोस्टर से प्रसारित किया जाए।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। फुटपाथ, पुल और प्रतिबंधित स्थलों पर वाहन पार्किंग करने वालों का चालान और टोइंग की कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती और ई-चालान की कार्रवाई होगी।
शाम 4-10 बजे तक सड़कों पर रहेगी फोर्स
मैदागिन, बुलानाला, दालमंडी, चौक, लोहटिया जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में शाम 4 से रात 10 बजे तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जबकि महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी बाजारों और घाटों के आसपास लगाई जाएगी। अपर पुलिस आयुक्त ने संकेतक बोर्ड, ट्रैफिक सिग्नल और डिवाइडर की मरम्मत करने का आदेश दिया। ताकि रात के समय भी यातायात व्यवस्थित रहे।