UP: उद्यमी आरके चौधरी का व्हाट्सएप किया हैक, 100 से अधिक लोगों को पहुंच गए ई-चालान के मैसेज; शिकायत दर्ज
Varanasi News: वाराणसी में साइबर जालसाजों ने ई-चालान की एपीके फाइल भेजकर उद्यमी आरके चौधरी का व्हाट्सएप हैक कर लिया। फाइल पर क्लिक करते ही उनके नंबर से 100 से अधिक लोगों को ई-चालान के संदेश भेजे जाने लगे। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अनजान लिंक और एपीके फाइल से सावधान रहने की अपील की।
विस्तार
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी साइबर जालसाजों का शिकार हो गए। बुधवार रात उनके व्हाट्सएप पर आए कथित ई-चालान संदेश में मौजूद एपीके फाइल पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल प्रभावित हो गया और व्हाट्सएप हैक हो गया। इसके बाद उनके संपर्क सूची में जुड़े 100 से अधिक लोगों को स्वतः ई-चालान संबंधी संदेश भेजे जाने लगे। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
सिगरा थाना क्षेत्र के चंद्रिका नगर निवासी आरके चौधरी ने बताया कि रात करीब 10:20 बजे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर ई-चालान का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में मौजूद एपीके फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया। कुछ ही देर बाद उनके परिचितों के फोन आने लगे, जिन्होंने बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर से ई-चालान का वही संदेश अन्य लोगों को भी भेजा जा रहा है।
स्थिति का एहसास होते ही आरके चौधरी ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, ताकि साइबर ठगी की आशंका को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से भी ऐसे संदेशों से सतर्क रहने की अपील की।
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि अनजान नंबरों से आने वाले किसी भी लिंक या एपीके फाइल पर बिना सत्यापन क्लिक नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ई-चालान संबंधी आधिकारिक सूचनाएं इस प्रकार व्हाट्सएप पर एपीके फाइल के रूप में नहीं भेजी जाती हैं। यदि किसी संदेश में एपीके फाइल दिखाई दे तो उसे तुरंत हटा दें और डाउनलोड करने से बचें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।