अमानत में खयानत का केस: कारखाने से 752 ग्राम सोना लेकर फरार हुआ कर्मचारी, तलाश में जुटी पुलिस
वाराणसी के महमूरगंज स्थित बिरदोपुर निवासी पियूष जैन का सराफा मंडी ठठेरी बाजार में सोने की चेन बनाने का कारखाना है। नई दिल्ली निवासी एक कर्मचारी कारखाने से 752 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के सराफा मंडी ठठेरी बाजार से 752 ग्राम सोना लेकर फरार कर्मचारी के खिलाफ चौक पुलिस ने गुरुवार को अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस दबिश दे रही है। महमूरगंज स्थित बिरदोपुर निवासी पियूष जैन के अनुसार उनका ठठेरी बाजार स्थित सुग्गा गली में सोने की चेन बनाने का कारखाना है।
कारखाने में नई दिल्ली के शाहदरा स्थित बाबरपुर निवासी अनिल कुमार काम करता था। 26 सितंबर को अनिल को 752 ग्राम सोना दिया गया था। कारखाना नहीं पहुंचकर वह गायब हो गया। मोबाइल भी बंद है। काफी खोजबीन के बाद चौक थाने में तहरीर दी। चौक इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।
शराब की दुकान से महंगी बोतलें और नकदी चोरी
वाराणसी के शिवदासपुर-लहरतारा रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को बुधवार की रात चोरों ने खंगाल दिया। दीवार काटकर अंदर घुसे चोर महंगी शराब की बोतलें, एक लाख नकदी और सीसी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए। गुरुवार को एडीसीपी वरुणा, कैंट एसीपी और मंडुवाडीह पुलिस ने छानबीन की।
शिवदासपुर रोड पर अनुराधा सिंह के नाम से अंग्रेजी शराब की दुकान है। रात में सेल्समैन दुकान बंद करके घर गया। सुबह जब दुकान पर पहुंचा तो दुकान के दक्षिणी दीवार में चोरों ने सेंधमारी की थी। दुकान के अंदर से महंगी शराब की बोतलें, एक लाख नकदी और अन्य सामान गायब थे। घटना की सूचना दुकान मालिक अनुराधा सिंह और उनके देवर अविनाश प्रताप सिंह को दी गई।
पीड़ित अविनाश प्रताप सिंह की सूचना पर मंडुवाडीह थानाध्यक्ष राजीव सिंह भी पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलवाया। एडीसीपी वरुणा प्रबल प्रताप सिंह, कैंट एसीपी मनीष शांडिल्य ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
जब एडीसीपी ने मोची से पूछा, कितना कमा लेते हो...
शिवदासपुर लहरतारा मार्ग पर शराब की दुकान में हुई चोरी की घटना का मौका मुआयना करने गए एडीसीपी वरुणा प्रबल प्रताप सिंह एक मोची को देख उसकी दुकान पर पहुंच गए। बुजुर्ग मोची से प्रबल प्रताप सिंह ने पूछा बाबा एक दिन में कितना कमा लेते हो, बावर्दी पुलिस कर्मियों को देख बुजुर्ग सहम गया। चेहरे पर मायूसी भरे लहजे में मोची ने कहा कि साहब खर्चा निकल जाता है कभी नहीं भी निकलता है।
इस पर एडीसीपी ने तुरंत मंडुवाडीह थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि बुजुर्ग की दुकान ऐसी जगह पर लगवाई जाए, जहां इनकी आमदनी हो सके और परिवार का गुजर बसर कर सके। वृद्ध मोची राम कैलाश राम ने बताया कि मुझे कोई औलाद नहीं है। अपनी बूढ़ी पत्नी के साथ शिवदासपुर क्षेत्र के ब्लॉक के समीप रहकर जीवनयापन करता हूं। आज ई साहब क बात सुन के दिल खुश हो गईल।