Varanasi Airport: मुंबई जा रहे विस्तारा एयरलाइंस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, पक्षी टकराने के बाद वापस उतरा
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विस्तारा एयरलाइंस के विमान यूके 622 ने शाम 4:11 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। बर्ड हिट की आशंका में 4:40 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
विस्तार
मुंबई को उड़ान भरे विस्तार विमान से शुक्रवार की शाम अचानक एक पक्षी टकरा गया। रनवे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बर्ड हिट की घटना हुई। पायलट ने एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हालांकि इससे पूर्व विमान हवा में चार चक्कर लगाया। 101 यात्रियों को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। घटना को लेकर एयरपोर्ट पर काफी देर तक हड़कंप की स्थिति रही।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शाम चार बजकर 11 मिनट पर विस्तारा का यूके 622 विमान 101 यात्रियों को लेकर मुंबई के लिए उड़ान भरा। रनवे से उड़ान भरकर विमान हवाई पट्टी क्षेत्र में ही था कि अचानक एक पक्षी विमान से टकरा गया। पायलट ने इसके तुरंत बाद ही एटीसी से संपर्क करते हुए इमरजेंसी लैंडिंग की मांग की।
एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के लिए आधे घंटे तक विमान को इंतजार करना पड़ा और इस दौरान यात्रियों को लेकर विमान हवा में चक्कर काटता रहा। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद 4.40 बजे विमान को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार पक्षी टकराने से विमान में तकनीकी खराबी आई है। बर्ड हिट के कारण विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। वहीं, इसके पूर्व भी कई बार विमान के टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान ऐसी घटनाएं होती रही हैं।
एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने कहा कि विस्तारा के विमान के पायलट को पक्षी टकराने का संदेह हुआ। इसके बाद एटीसी से संपर्क कर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। एप्रन व रनवे की जांच किया गया। इस दौरान किसी पक्षी का अवशेष नहीं मिला। आसमान में पक्षी टकराने का अंदेशा है।
एयरपोर्ट के आसपास संचालित होती हैं मीट, मांस की दुकानें
एयरपोर्ट के आसपास पांच किलोमीटर तक मीट, मांस की दुकानों के संचालन पर रोक है। बावजूद यहां दुकानों का संचालन किया जा रहा है। एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल के अनुसार कई बार इसके लिए पत्र भेजकर जिला और पुलिस प्रशासन से शिकायत की गई है।
कब-कब हुई है घटनाएं
- नवंबर 2014 में स्पाइसजेट का विमान हैदराबाद से दिल्ली होते हुए वाराणसी एयरपोर्ट आ रहा था, लैडिंग के दौरान विमान से पक्षी टकराने से इंजन में खराबी आ गई।
- 2016 में गया से 43 यात्रियों को लेकर विमान वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा था। यहां रनवे पर विमान की लैंडिंग के समय सामने से पक्षी टकरा गया। इस दौरान पायलट ने एटीसी से संपर्क कर विमान की सुरक्षित लैडिंग कराई थी।
- अप्रैल 2017 में दिल्ली से खजुराहो होते हुए विमान वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा था। इस दौरान विमान से पक्षी के टकराने से इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी।
- अक्तूबर 2019 में वाराणसी से इंडिगो एयरलाइंस का विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरा था। तभी विमान से पक्षी टकराने से विमान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी।