फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Sports News Despite leading match Varanasi hostel not maintain its advantage latest sports news

Sports News: मैच में आगे होने के बाद भी वाराणसी छात्रावास बढ़त को नहीं रख सका बरकरार, पढ़ें खेल की खबरें

Sun, 19 Jul 2026 02:00 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 19 Jul 2026 02:00 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में 18वीं ओलंपियन विवेक सिंह स्मृति राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे और स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने जीत दर्ज की। विभिन्न खेलों में स्थानीय खिलाड़ियों ने जूडो, कराटे और एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स में पदक जीते। एनसीओई के लिए 33 पहलवान चुने गए, जबकि हॉकी के 10 खिलाड़ियों का स्पोर्ट्स कॉलेज में चयन हुआ। काशी विद्यापीठ की रस्साकशी प्रतियोगिता भी संपन्न हुई।

विज्ञापन
Sports News Despite leading match Varanasi hostel not maintain its advantage latest sports news
लालपुर स्टेडियम में चल रही ओलम्पियन विवेक सिंह प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ी। - फोटो : संवाद

विस्तार

लीग-कम-नॉकआउट आधार पर लालपुर स्टेडियम में खेली जा रही 18वीं ओलंपियन विवेक सिंह स्मृति राज्यस्तरीय हॉकी में शनिवार को दो मुकाबले हुए। पहले मैच में पूर्वोत्तर रेलवे की टीम ने वाराणसी छात्रावास को 3-1 से हरा दिया। लालपुर की टीम मैच की शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख सकी। दूसरे हाफ में पूर्वोत्तर रेलवे ने तीन गोल कर मैच 3-1 से जीता और अगले चक्र में प्रवेश कर लिया।

विज्ञापन


पूल-ए के दूसरे मुकाबले में अनुभवी एनई रेलवे वाराणसी का सामना युवा खिलाड़ियों से सजी वाराणसी खेल छात्रावास की टीम से हुआ। स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी ने मैच के 9वें मिनट में अशरफ के पेनल्टी कॉर्नर गोल की बदौलत 1–0 की बढ़त हासिल की। इसके बाद एनई रेलवे वाराणसी ने शानदार वापसी करते हुए अतुलदीप ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया। 
विज्ञापन


तीसरे क्वार्टर में 36वें मिनट पर अमित कुमार ने शानदार फील्ड गोल कर एनई रेलवे वाराणसी को 2–1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 42वें मिनट में फॉर्वर्ड खिलाड़ी संजय यादव ने एक और गोल कर टीम की बढ़त 3–1 कर दी। निर्धारित समय तक यही स्कोर कायम रहा और एनई रेलवे वाराणसी ने 3–1 से शानदार जीत दर्ज की। अब पूर्वोत्तर रेलवे का अगला मुकाबला पूल-ए में गंगापुर की टीम से होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

सुनील के निर्णायक गोल से स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने झांसी छात्रावास को हराया: पूल-बी का पहला मैच स्पोर्ट्स छात्रावास झांसी और स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के बीच हुआ। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज ने झांसी छात्रावास को 3-2 से हरा दिया। सुनील पाल के निर्णायक गोल से सैफई जीतने में कामयाब रही। मैच का पहला गोल स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की ओर से 21वें मिनट में हिमांशु ने पेनल्टी कॉर्नर से किया। 

इसके एक मिनट बाद 22वें मिनट में स्पोर्ट्स छात्रावास झांसी के अक्षत वर्मा ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में हिमांशु ने दूसरा गोल करते हुए टीम का स्कोर 2–1 कर दिया। हालांकि स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने 37वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर मुकाबला 2–2 से बराबर कर दिया। 49वें मिनट में सुनील पाल के निर्णायक गोल से स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने शानदार गोल कर मैच 3–2 जीत लिया।

यूपी पुलिस में फुटबॉल नर्सरी के चार खिलाड़ी 
फुटबॉल नर्सरी के चार खिलाड़ियों का यूपी पुलिस में चयन होने पर शनिवार शाम बरेका मैदान पर सम्मानित किया गया। फुटबॉल कोच भैरव दत्त ने बताया कि चारों खिलाड़ी बेहद गरीब परिवार की हैं। पिता को ब्लड कैंसर बीमारी से खो चुकी पूजा कुमारी 5 अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय, स्कूली नेशनल खेल चुकी हैं। गुड़िया कुमारी आठ नेशनल और दो अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता खेल चुकी हैं। कंदवा निवासी संध्या राय सात नेशनल, खेलो इंडिया अंतर विश्वविद्यालयीय, अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय और तीन स्कूली नेशनल खेली है। छित्तूपुर निवासी चांदनी पटेल सीनियर नेशनल, स्कूली नेशनल खेल चुकी है। 

दीनापुर की शशिकला ने बांग्लादेश कराटे में जीता पदक
दीनापुर निवासी कराटे खिलाड़ी शशिकला मौर्या बांग्लादेश में हुए अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। वह 2023 में 21वीं एशियन कैडेट, जूनियर और अंडर-21 कराटे चैंपियनशिप, अल्माटी (कजाकिस्तान)- जूनियर काता में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। बताया कि टूर्नामेंट फीस, किट और यात्रा का खर्च जुटाने के लिए वह पिता ओमप्रकाश मौर्या के साथ माला गूथतीं हैं। 

एनसीओई में प्रशिक्षण लेंगे 33 कुश्ती खिलाड़ी
सिगरा स्टेडियम स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी (एनसीओई) में 36 सीटों के लिए हुए चयन ट्रायल में 33 खिलाड़ियों को अंतिम रूप से चयनित कर लिया  गया है। उप निदेशक साई वाराणसी सुभांशु द्विवेदी ने बताया कि इसके बालिका वर्ग में 12 खिलाड़ी जबकि बालक वर्ग ग्रीको रोमन में 13 और फ्री-स्टाइल में 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खिलाड़ियों को यहां प्रवेश पाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। एनसीओई सिगरा में प्रवेश के लिए 36 सीटों के लिए देश के अलग-अलग राज्यों के 160 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया था। इसमें बालिका वर्ग में 30 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया था। पहले दिन महिला-पुरुष वर्ग में 141 जबकि दूसरे दिन 19 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया था। 

दो खिलाड़ियों ने प्रादेशिक जूडो में जीते पदक
प्रादेशिक जूडो प्रतियोगिता में वाराणसी के दो खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। यह सफलता खिलाड़ियों ने लखनऊ में खेली जा रही जूडो महाकुंभ में हासिल की। जूडो कोच लाल कुमार ने बताया कि सब जूनियर वर्ग में वाराणसी के अंश यादव ने 50 किलो भारवर्ग में जबकि साक्षी ने 57 किलो भारवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ी विकास इंटर काॅलेज के छात्र हैं। 

स्पोर्ट्स कॉलेज में हॉकी का प्रशिक्षण लेंगे एक ही कॉलेज के 10 खिलाड़ी
साई सेंटर के बाद खेल विभाग ने स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश की सूची जारी कर दी है। इसमें हॉकी के 10 खिलाड़ियों का चयन प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेज में हुआ है। इससे पहले 11 खिलाड़ियों का चयन साई के अलग-अलग सेंटर में हुआ।  मो. शाहिद के दौर में शुरू हुई हॉकी ओलंपियन ललित उपाध्याय के समय अपने शीर्ष पर पहुंची।

एक खेल सत्र में सर्वाधिक हॉकी खिलाड़ी साई और खेल विभाग के अलग-अलग छात्रावासों के लिए चयनित होकर काशी का नाम रोशन किया है। पहले भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के अलग-अलग सेंटरों में वाराणसी के हॉकी खिलाड़ियों का चयन हुआ अब प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेज में सर्वाधिक 10 खिलाड़ी एक साथ स्पोर्ट्स छात्रावास पहुंचे हैं। चयनित खिलाड़ियों को हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ एके सिंह ने शनिवार शाम सम्मानित किया। 

एरोबिक्स जिम्नास्टिक की 6 स्पर्धा में आर्यन ने जीते 4 स्वर्ण
जिला जिम्नास्टिक संघ की ओर से महमूरगंज स्थित पाणिनि कन्या महाविद्यालय में शनिवार को 7वीं जनपदीय एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिता हुई। इसमें छह स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर आर्यन ने चार स्वर्ण पदक जीते। 

अंडर 11, 14, 17 एवं 19 में एकल, मिक्स पेयर, ट्रायो और समूह वर्ग में 8 स्वर्ण पदक जीतकर सनबीम स्कूल वरुणा विजेता और 7 स्वर्ण पदक लेकर सनबीम सारनाथ की टीम उपविजेता बनी। आयोजन सचिव अखिलेश रावत ने बताया कि तीसरे स्थान पर आर्यन इंटरनेशनल स्कूल की टीम रही। 

इसमें जिले के 8 स्कूलों के 110 खिलाड़ियों ने करतब दिखाया। प्रतियोगिता में एलिमेंट्स हेलिकॉप्टर, एयरटन, हाइवी, स्टैंडल सपोर्ट, कॉलेब्रेशन, लिफ्ट जैसे एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स मूवमेंट को देखकर मुकाबले का निर्णय किया गया। मुख्य अतिथि पूजा मधोक, विशिष्ट अतिथि आचार्या नंदिता शास्त्री, अंतरराष्ट्रीय जिमनास्ट ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने दिया। 

Sports News Despite leading match Varanasi hostel not maintain its advantage latest sports news
रस्साकशी की विजेता टीम की खिलाड़ी। - फोटो : संवाद

पुरुष वर्ग में विज्ञान-प्रौद्योगिकी, महिला में शिक्षा संकाय विजेता
काशी विद्यापीठ क्रीड़ा परिषद की ओर से शनिवार सुबह परिसर स्थित मैदान में रस्साकशी प्रतियोगिता हुई। इसमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी संकाय की टीम के अलावा शिक्षा संकाय की टीम विजेता बनी। दो दिवसीय परंपरागत खेल 48वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित की गई।

रस्साकशी में पुरुष वर्ग के फाइनल में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की टीम को हराकर विजेता बनी। महिला वर्ग के फाइनल में शिक्षा संकाय की टीम ने वाणिज्य संकाय को हराकर विजेता बनी। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए विवि क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि रस्साकशी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों में एक-दूसरे पर विश्वास करने और सामूहिक रूप से लक्ष्य प्राप्त करने की प्रवृत्ति विकसित होती है। मुख्य अतिथि विवि के प्रभारी इंजीनियर प्रो. राकेश कुमार तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता शुरू कराई। 

क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. उर्जस्विता सिंह ने कहा कि रस्साकशी एक पारंपरिक एवं अत्यंत लोकप्रिय सामूहिक खेल है, जो केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का भी सशक्त साधन है। संयोजन डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह और डॉ. राधेश्याम राय ने किया। निर्णायक की भूमिका अंकित राय, अरिहंत सिंह, अनुज आर्या ने निभाई। डॉ. किरन सिंह, प्रो. निशा सिंह रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed