कारोबारी भाइयों से मांगी दो करोड़ की रंगदारी: नहीं देने पर जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
मंडुवाडीह थाना के शिवदासपुर क्षेत्र के ताणकेश्वर नगर निवासी दो भाई इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद के होलसेल कारोबारी हैं। दोनों भाइयों के अनुसार उनके मोबाइल पर बीते छह मई से अज्ञात नंबर से फोन आ रहे हैं। फोन करने वाला कहता है कि सेंट्रल जेल से बोल रहा हूं, दो करोड़ रुपये चाहिए।
विस्तार
शिवदासपुर क्षेत्र के ताणकेश्वर नगर निवासी दो कारोबारी भाइयों को फोन कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रुपये न देने पर उन्हें और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई है। प्रकरण को लेकर मंडुवाडीह थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- Varanasi: रोडवेज बस की चपेट में आने से मोपेड सवार की मौत, एक घायल, लोगों ने ईंट पत्थरों से तोड़े बस के शीशे
मंडुवाडीह थाना के शिवदासपुर क्षेत्र के ताणकेश्वर नगर निवासी दो भाई इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद के होलसेल कारोबारी हैं। दोनों भाइयों के अनुसार उनके मोबाइल पर बीते छह मई से अज्ञात नंबर से फोन आ रहे हैं। फोन करने वाला कहता है कि सेंट्रल जेल से बोल रहा हूं, दो करोड़ रुपये चाहिए। दो करोड़ रुपये नहीं मिले तो दोनों भाइयों के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या कर दी जाएगी। पहले तो दोनों भाइयों ने धमकी भरे फोन को हल्के में लिया। जब धमकी भरा फोन लगातार आने लगा तो दोनों भाई और उनके परिजन भयभीत हो गए। उन्होंने हिम्मत जुटाकर मंडुवाडीह थाने की पुलिस से शिकायत कर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई। उनकी तहरीर के आधार पर बुधवार की शाम अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
कॉल करने के बाद स्विच ऑफ कर दे रहा मोबाइल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सर्विलांस की मदद से सामने आया है कि धमकी भरी कॉल सेंट्रल जेल से नहीं की गई है। कॉल मंडुवाडीह, रोहनिया और राजातालाब क्षेत्र से की गई है। कारोबारी भाइयों को कॉल करने के बाद बदमाश मोबाइल स्विच्ड ऑफ कर दे रहा है। कॉल करने वाला बार-बार लोकेशन भी बदल रहा है। तफ्तीश के क्रम में पुलिस कारोबारी भाइयों से जुड़े पुराने विवाद और रंजिश को भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि धमकी भरी कॉल करने वाला बचकानी हरकत कर रहा है और वह जल्द ही पकड़ा जाएगा।
शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीमें लगी हुई हैं। फोन कर धमकी देने वाला जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। - राजीव कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, मंडुवाडीह।