ताउते तूफान का असर: वाराणसी से मुंबई की पांच उड़ानें निरस्त, एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर से लेकर रात तक की मुंबई की विमान सेवा ठप रही। एयरपोर्ट पर बने टिकट काउंटरों पर टिकट वापसी व दूसरे टिकट के लिए हंगामा हुआ।
विस्तार
मुंबई में ताउते तूफान को देखते हुए सोमवार को वाराणसी से मुंबई की पांच उड़ानें रद्द रहीं। विमानों के निरस्त होने के बाद यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसको लेकर टिकट काउंटरों पर कई यात्रियों ने विरोध दर्ज कराया।
अधिकतर यात्रियों का आरोप है कि विमान निरस्त की सूचना समय से नहीं दी गई और यात्रा के लिए 48 घंटे की आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य है, तो उनको फिर जांच कराने के लिए पैसे खर्च करने पड़ेंगे।
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर से लेकर रात तक की मुंबई की विमान सेवा ठप रही।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, तूफान को देखते हुए एएआई से जारी आदेश के बाद मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की एक, इंडिगो की दो, गो एयरवेज एक और स्पाइसजेट की एक विमान सेवा रद्द रही। उधर, रद्द होने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
एयरपोर्ट पर बने टिकट काउंटरों पर टिकट वापसी व दूसरे टिकट के लिए हंगामा हुआ। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार विमान में यात्रा करने से पूर्व यात्रियों को आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य की गई है जो जांच रिपोर्ट के बाद 48 घंटे के लिए ही मान्य होता है। विमान निरस्त हो जाने से कई यात्रियों को यह जांच दोबारा करानी पड़ेगी। इसको लेकर यात्रियों व टिकट काउंटर के कर्मचारियों से बहस हुई।
ताउते का असर, तेज हवा और बूंदाबांदी
मुंबई में आए चक्रवाती तूफान ताउते का असर सोमवार से ही दिखने लगा है। जहां दोपहर तक तेज धूप रही, वहीं शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया।आसमान में बादल छाए रहने के बाद रात आठ बजे तेज हवा संग बूंदाबांदी ने लोगों को उमस से थोड़ी राहत दिलाई।
चक्रवाती तूफान की वजह से वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में अगले दो-तीन दिनों के भीतर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी होने के आसार हैं। इसमें कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। हालांकि मौसम में बदलाव सोमवार से ही दिखने लगा।