वाराणसी: एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने पकड़ा 70 लाख का सोना, पिछले महीने भी 76 का गोल्ड हुआ था बरामद
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान कस्टम ने ग्राइंडर मशीन के इंडक्शन क्वायल और डीप फ्रायर के हॉट प्लेट में छिपा कर विदेश से लाए जा रहे सोने को बरामद किया है। दो यात्रियों के कब्जे से बरामद सोने की कीमत 70 लाख से भी अधिक आंकी गई है। वहीं कस्टम टीम को सोना निकालने में इलेक्ट्रिक कटर का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान एक यात्री को गिरफ्तार किया गया, जिसे शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।
कस्टम के सहायक आयुक्त पवन कुमार सिंह व अधीक्षक रजत तिवारी के अनुसार बुधवार को शारजाह से पहुंचे विमान के यात्रियों की जांच की जा रही थी। इसी बीच इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने (बिहार) सिवान के रहने वाले यात्री शिवम कुमार साह के बैगेज की जांच की तो डीप फ्रायर के हॉट प्लेट के वजन में कुछ अंतर समझ में आया और बनावट भी कुछ अलग थी।
इसकी एक्सरे से जांच की गई तो हॉट प्लेट के नीचे का हिस्सा पूरा सोना से बना हुआ था। सोना बाहर निकालने के लिए इलेक्ट्रिक कटर का सहारा लेना पड़ा और आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। आरोपी शिवम शाह से पूछताछ में कई जानकारियां मिली।
बरामद सोने का वजन 1164.450 ग्राम रहा, विदेशी सोना की कीमत 58,80,472 रुपये आंकी गई है। इसी तरह एक और यात्री के बैगेज की जांच की गई तो 232.620 ग्राम विदेशी सोना ग्राइंडर मशीन के इंडक्शन क्वॉइल में छिपाया गया था। बरामद सोने का मूल्य 11 लाख 74 हजार रुपये है। हालांकि कस्टम नियम के अनुसार 20 लाख से कम सोना बरामद होने पर सोना जब्त कर यात्री को आवश्यक जांच के बाद छोड़ दिया जाता है। इसलिए एक यात्री को छोड़ दिया गया।
पिछले माह भी पकड़ा गया था 76 लाख का सोना
सोना तस्करी का मामला कोरोना काल में दूसरी बार एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। पिछले माह शारजाह से वाराणसी पहुंचे नजाकत और मो. कलीम नामक दो यात्रियों के पास से 76 लाख का सोना बरामद किया गया था। दोनों ने ट्राली बैग और छाते के अंदर कार्बन पेपर में लपेटकर सोना छिपाया था, जिससे एक्सरे में भी न देखा जा सके।