बनारस में ढूंढा जा रहा आठ नंबर का जूता और सात नंबर की जूती, जानिये क्यूं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बनारस में आठ नंबर के जूते और सात नंबर की जूती की तलाश में पूरा पुलिस महकमा जुट गया है। आलम यह है कि इसके लिए कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज तक का सहारा लिया जा रहा है।
बिरदोपुर क्षेत्र के गिरि नगर कॉलोनी में अन्नपूर्णा तिवारी और उनकी बहू कल्पना की हत्या का दो दिन बाद भी राजफाश नहीं हो सका है। डबल मर्डर की तफ्तीश में जुटी पुलिस घटना के पीछे अवैध संबंध को मुख्य वजह मान रही है।
पुलिस के अनुसार डबल मर्डर में एक युवती की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है। कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि घटनास्थल से मिले आठ नंबर के स्पोर्ट्स शू और सात नंबर की जूती के फुट प्रिंट और कॉल डिटेल की मदद से खुलासा जल्द होगा।
अन्नपूर्णा के बेटे और कल्पना के पति अवनीश तिवारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 9:30 बजे वे घर लौटकर आए तो उनकी मां और पत्नी की हत्या कर दोनों के शव मकान के भूतल स्थित हॉल के समीप पर्दे की आड़ में फेंके गए थे।
भेलूपुर पुलिस ने सोमवार को अवनीश, उनके भाई-बहन और परिवार के अन्य सदस्यों से घटना के संबंध में आठ घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया। अवनीश के घर के चारो तरफ पांच सौ मीटर दूर तक सड़क किनारे के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई गई।
पति-पत्नी में होता था झगड़ा लेकिन नहीं की कभी शिकायत
एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि स्पष्ट है कि सास-बहू की हत्या उनके करीबी ने ही की है। जल्द ही हत्यारे हमारी गिरफ्त में होंगे। वारदात के बाद से गायब कल्पना का मोबाइल सोमवार को महमूरगंज पुलिस चौकी प्रभारी के पास मिला।
कल्पना के भाई बब्बू ने बताया कि दोपहर दो बजे के लगभग उनकी पत्नी के मोबाइल नंबर पर फोन आया। व्यस्तता के कारण वे फोन नहीं रिसीव कर सकीं। थोड़ी देर बाद उन्होंने बताया कि कल्पना दीदी के मोेबाइल से फोन आया था तो बब्बू ने पलटकर फोन किया।
पता चला कि महमूरंगज पुलिस चौकी प्रभारी ने जांच के मद्देनजर मोबाइल सुरक्षित रख लिया था। उधर, पुलिस द्वारा सील किया गया अवनीश का मकान सोमवार को खोल दिया गया जिसके बाद घर की साफ-सफाई की गई।
पुलिस की पूछताछ में कॉलोनी के लोगों ने बताया कि अवनीश और उनकी पत्नी कल्पना के बीच झगड़ा होता रहता था। मगर, कल्पना को उनकी सास बेटी की तरह मानती थीं। सास के स्नेह और घर की बात बाहर न जाए, यही सोचकर कल्पना ने कभी अपने मायके में शिकायत नहीं की होगी।
कर्ज से परेशान अवनीश घर बेचना चाहता था
उधर, पुलिस अवनीश की ममेरी बहन से भी पूछताछ की तैयारी में है जो उसके घर से थोड़ी दूर पर रहती है। पुलिस के अनुसार वारदात के संबंध में अवनीश ने पहली कॉल ममेरी बहन को ही की थी।
कल्पना की हत्या से गमगीन उनके भाई बब्बू का कहना था कि हमारा किसी पर कोई आरोप नहीं है। घर में कोई लूटपाट हुई नहीं तो भला हत्या करने वाला कौन होगा? कहा कि बहन और उसकी सास के हत्यारे जल्द पकड़े जाएं, हम यही चाहते हैं।
भेलूपुर पुलिस के अनुसार कारोबार में बार-बार असफलता से परेशान अवनीश ने हैसियत से ज्यादा कर्ज ले रखा था। उसके करीबियों और परिचितों से पूछताछ में पता चला कि वह कर्ज चुकाने के लिए अपना पुश्तैनी आलीशान मकान बेचने की तैयारी में भी था।