यूपी : समूह संचालक को गोली मारकर लूटे एक लाख 10 हजार रुपये, बदमाश हुए फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ओंहाईच गांव स्थित लहरीपुल के पास गुरुवार शाम को बाइक सवार बदमाशों ने स्वयं सहायता समूह का पैसा वसूल कर लौट रहे युवक को गोली मार दी। साथ ही उसके पास मौजूद एक लाख दस हजार रुपये के साथ दो मोबाइल, एक टैबलेट लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली कर्मचारी के पैर में लगी। साथ ही बाइक की पेट्रोल टंकी में भी छेद हो गया। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने शोर मचाया तो मौके पर भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल ले आए। सूचना मिलने पर सरायलखंसी थाने की पुलिस के साथ अन्य पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
बदमाशों की गोली से घायल अभिषेक यादव(28) बिहार राज्य के छपरा जिले का निवासी है। वह स्वंय सहायता समुह में बतौर ऐजेंट काम करता है। वह मऊ शहर में किराए का कमरा लेकर रहता है। रोज की तरह गुरुवार को वह स्वयं सहायता समुह की वसूली करने के लिए निकला था।
बताया जाता है कि युवक पिपरीडीह, खरगजेपुर, भार आदि गांवों से रुपये वसूलते हुए ओंहाईच की तरफ बढ़ा। जैसे ही उसकी बाइक खरगजेपुर गांव से आगे लहरीपुल के पास पहुंची, तभी सामने से एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक सवार दोनों बदमाश हेलमेट लगाए थे। दोनों ने अभिषेक की बाइक को रोका।
इस दौरान बदमाश उससे रुपये का बैग छिनने लगे। इस दौरान अभिषक ने विरोध किया। तभी बदमाशों ने उस पर फायर कर दी। गोली अभिषेक के दांए पैर की जांघ पर लगी। इस दौरान वह बाइक सहित जमीन पर गिर गया।
इसके बाद बदमाश रुपये से भरे बैग को उठाकर फरार हो गए। इस दौरान लुटेरे उसका मोबाइल और टैबलेट भी अपने साथ ले गए। बताया जाता है कि लुटेरे घटना को अंजाम देकर आराम से पिपरीडीह बाजार की तरफ फरार हो गए। पीड़ित की माने तो घटना के बाद रास्ते से गुजरे राहगीरों से उसने मदद मांगी। लेकिन कोई नहीं रुका।
इस पर वह खुद ही हिम्मत जुटाकर घायलावस्था में बाइक चलाकर ओंहाईच गांव पहुंचकर लोगों को घटना की सूचना दी। इस दौरान ग्रामीणों ने फोनकर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। लूट की सूचना मिलने पर सरायलखंसी थाने की पुलिस के साथ शहर कोतवाली प्रभारी, एसओजी, एएसपी शैलेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बाद में एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही एसपी के आदेश पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान भी चलाया गया। लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। दिन-दहाड़े गोली मार कर हुई लूट की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।