रिटायर्ड दरोगा के घर में डकैती का खुलासा, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस ने आठ दिन के अंदर डकैती का मामला सुलझा लिया है। रिटायर्ड दरोगा के घर में डकैती के मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने उनके पास से बाइक, रुपये और पिस्टल भी बरामद की है।
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुर निवासी रिटायर्ड दरोगा काशी प्रसाद यादव के घर 10 मार्च की रात में डकैती हुई थी। जिसका खुलासा पुलिस ने सोमवार को किया। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और थानाध्यक्ष चौबेपुर शैलेश मिश्रा की टीम ने गाजीपुर के सैदपुर थाना के पक्काघाट निवासी रामबाबू सोनकर और सैदपुर चौराहा निवासी अरमान को गिरफ्तार किया है।
दोनों के पास से लूट के 75 हजार रुपये, 32 बोर की पिस्टल, एक तमंचा, सात कारतूस और लूटे गए रुपयों से खरीदी गई बाइक बरामद की गई है। प्रकरण में चौबेपुर के मोलनापुर के मुकेश निषाद और सैदपुर के अरमान सहित अन्य की पुलिस को तलाश है।
धन देख कर आया था लालच
डकैती को अंजाम देने की योजना मुकेश निषाद ने बनाई थी। उसने अपने दोस्तों से कहा कि उसके गांव के काशी प्रसाद यादव काफी धनी हैं और हाल ही में जमीन एनएचएआई के लिए अधिग्रहीत होने से उन्हें लाखों रुपये मुआवजा भी मिला है। बीते 10 मार्च की रात मुकेश, रामबाबू, अरमान सहित अन्य ने काशी प्रसाद के घर जाकर उन्हें बंधक बना कर असलहे के बल पर लूटपाट की।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की गैंग पंजीकृत की जाएगी। बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का जल्द खुलासा करने वाले क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, चौबेपुर थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा, एसआई प्रदीप यादव, सुमंत सिंह, पुनदेव सिंह, सुरेंद्र मौर्य, घनश्याम वर्मा, रामभवन यादव, कुलदीप सिंह, चंद्रसेन सिंह, सुनील राय, श्यामलाल गुप्ता, राजदर्पण तिवारी, विनीत तिवारी की टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।