यूपी : जमीन को लेकर दो भाइयों के परिवार में जमकर चले थे लाठी-डंडे, एक हुई मौत
गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के सईचना गांव में पिछले दिनों भूमि विवाद में हुई मारपीट में घायल युवक की वाराणसी में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुट गई।
मालूम हो कि सईचना गांव निवासी धर्मदेव राम और इंद्रदेव राम के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। 23 जुलाई को इंद्रदेव जमीन पर दीवार जोड़ रहा था। इसको लेकर उसके भाई धर्मदेव राम से तू-तू-मैं-मैं होने लगी थी।
देखते ही देखते बात बढ़ गई और दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलना शुरू हो गया था। जमकर हुई मारपीट में एक पक्ष से इंद्रदेव(60), प्रमोद(32), विनोद(28) और पुष्पा(25), जबकि दूसरे पक्ष से धर्मदेव राम(55) उनकी पत्नी शोभावती(50), पुत्र अरविंद(32) और गोविंद(25) घायल हो गए। सभी को नवीन प्राथमिक स्वास्थ केंद्र नंदगंज लाया गया।
गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने अरविंद को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां आने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घायल का उपचार वाराणसी में एक निजी अस्पताल में चल रहा था। इस मामले में प्रमोद ने तीन और धर्मदेव राम ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस छानबीन में जुट गई थी। वाराणसी में उपचार के दौरान मंगलवार को अरविंद की मौत हो गई। शव आते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। लोगों द्वारा लाख सांत्वना देने के बाद भी पत्नी पूनम के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
वह रोते-रोते कभी पूरी तरह से शांत हो जा रही थी तो कभी अपने पुत्रों सौरभ(12) और सूरज(8) का चेहरा देख दहाड़े मारकर रोने लग रही थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनीत राय ने बताया कि दोषियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।