यूपी : प्रेमी ने प्रेमिका को 30 हजार में बेचा, पति से अलग होने के बाद आई थी संपर्क में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक प्रेमी द्वारा अपनी प्रेमिका को बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस को मामला तब पता चला जब घोसी की ओर से मऊ आ रहे एक ऑटो से कोपागंज थाने के सामने शनिवार शाम को उतरकर एक महिला शोर मचाने लगी, कि उसे कुछ लोग जबरदस्ती अपने साथ ले जा रहे हैं। महिला के शोर मचाते ही लोगों ने आरोपी तीनों युवकों की धुनाई कर दी।
थाने के गेट के सामने इस तरह का बवाल देख हरकत में आई पुलिस, टेंपो में सवार तीन युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। पूछताछ में पता चला कि महिला को उसके प्रेमी ने ही फर्रुखाबाद के एक युवक को 30 हजार रुपयों में बेच दिया है। तीनों इस महिला को शादी करने के लिए फर्रुखाबाद ले जा रहे थे।
तीनों युवकों और महिला से पूछताछ से मिली जानकारी के अनुसार मधुबन थाने के गजियापुर निवासी महिला की शादी गाजीपुर जिले के मटेहू गांव में हुई है। महिला को उसके पति से दो बच्चे भी हैं। लेकिन लगभग एक साल पहले महिला को उसके पति ने छोड़ दिया तो महिला उसी गांव के एक अन्य युवक के संपर्क में आ गई और उसके साथ रहने लगी। प्रेमी से भी उसका एक बच्चा है।
इस बीच प्रेमी ने एक दलाल के माध्यम से महिला का सौदा 30 हजार रुपये में फर्रुखाबाद निवासी एक युवक से कर दिया। युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ मऊ आ गया। प्रेमी की योजना के अनुसार महिला को उसके मायके से टेंपो से मऊ लाकर फर्रुखाबाद निवासी युवकों को सौंपना था।
प्रेमी महिला और तीनों युवकों को साथ लेकर टेंपो से आ रहा था। इस बीच इनकी योजना की भनक महिला को लग गई और उसने थाने के सामने पहुंचते ही शोर मचाना शुरू कर दिया और मामला पुलिस तक जा पहुंचा।
हिरासत में लिए गए युवक यह बताते रहे कि महिला के साथ रहने वाले युवक ने अपने को उसका भाई बताकर तीस हजार रुपये लिए हैं। जिस समय लोग तीनों युवकों की पिटाई करने लगे, महिला का प्रेमी टेंपो से उतरकर खिसक गया। जब थाने में पूरी कहानी समझने के बाद पुलिस ने उसके नंबर पर फोन किया तो उसने बताया कि वह काफी दूर है लेकिन फिर कुछ ही देर में थाने में आ गया।
पुलिस के सामने उसने अपने को महिला का पति बताया और यह भी कहा कि यह उसके ऑर्केस्ट्रा पार्टी में डांसर है। जबकि महिला भी उसे पति बता रही थी। देर रात तक पुलिस चारों युवकों तथा महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इस बारे में एएसपी एसके श्रीवास्तव का कहना है कि पूछताछ की जा रही है। पूरी छानबीन के बाद इस प्रकरण में विधिसंगत कार्रवाई की जाएगी।