शिकंजे में जाली नोटों के सौदागर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी। एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने बुधवार की सुबह छावनी क्षेत्र से दो लाख के नकली नोटों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों जौनपुर जिले के रहने वाले हैं। उनसे पूछताछ में एटीएस को नकली नोटों के नेटवर्क के बारे में अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। गिरोह की जड़ें बांग्लादेश से यूपी, बिहार, दिल्ली और राजस्थान तक फैली हुई हैं। एटीएस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पिछले दस सालों में करीब 50 लाख नकली नोट देश में खपाने की जानकारी दी है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की मदद से नकली नोटों की खेप पहले बांग्लादेश और फिर वहां से पश्चिम बंगाल के मालदा के रास्ते देश के विभिन्न राज्यों में पहुंचाई जा रही है।
एटीएस ने पिछले महीने सिगरा से नकली नोटों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में पता चला था कि जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र के सदेरी निवासी अरविंद निषाद और जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के बिहरोजपुर निवासी मनोज निषाद मालदा से नकली नोट लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में उनकी सप्लाई करते हैं। एटीएस सर्विलांस की मदद से उन तक पहुंचने में जुटी थी। एटीएस के एएसपी संतोष कुमार सिंह को बुधवार की सुबह सूचना मिली कि अरविंद और मनोज नकली नोट की खेप लेकर कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ की तरफ जा रहे हैं। यहां छावनी क्षेत्र में उन्हें यह खेप किसी और को देनी थी। तत्काल एटीएस की टीम प्लेटफार्म नंबर नौ के बाहर छावनी क्षेत्र में मुस्तैद हो गई। सुबह करीब आठ बजे अरविंद और मनोज नकली नोट की खेप के साथ एयरफोर्स चौराहे पहुंचे तभी एटीएस ने दोनों को धर-दबोचा। तलाशी में उनके पास से दो लाख के नकली नोट बरामद किए गए। सभी नकली नोट पांच-पांच सौ के थे। दोनों ने पुलिस की पूछताछ में दिल्ली, राजस्थान के दौसा और बिहार के कई तस्करों से अपने संपर्क के बारे में जानकारी दी। यह भी बताया कि वे नकली नोटों की यह खेप मालदा से मिली थी। वे मालदा से नोट लाकर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाते थे। मालदा में उन्हें 30 हजार रुपये में एक लाख नकली नोट दिए जाते हैं। जिसे यूपी और बिहार में वे 55 हजार रुपये में बेचते हैं। एटीएस ने दोनों आरोपियों को कैंट पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तारी करने वाली एटीएस टीम में एएसपी संतोष सिंह, एसआई अश्विनी चतुर्वेदी, बृजेंद्र राय, रणविजय, जितेंद्र, प्रभात आदि शामिल थे।