यूपी: स्कूल में युवती के साथ अश्लील हरकतें करते कैमरे में कैद हुआ प्रधानाध्यापक, वीडियो वायरल
जौनपुर जिले के धर्मापुर ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की अश्लील हरकत का वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में प्रधानाध्यापक एक युवती के साथ विद्यालय परिसर में रंगरलियां मना रहा है।
प्रधानाध्यापक के साथ युवती कौन है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। विद्यालय के सीसीटीवी कैमरे का यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हैं। बीएसए ने इसका संज्ञान लेते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी को जांच सौंपी है तो आरोपी प्रधानाध्यापक मेडिकल अवकाश पर चला गया है।
वायरल वीडियो बीती सर्दियों का है। इसमें प्रभारी प्रधानाध्यापक विद्यालय में बने ऑफिस में एक युवती के साथ मौजूद है। वह कमरे में लगी खिड़कियों को बंद कर रहा है और बगल की कुर्सी पर बैठी युवती के साथ बार-बार अश्लील हरकत कर रहा है।
उसकी पूरी करतूत विद्यालय के लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पिछले दिनों कैमरा का डाटा खाली करते समय किसी के हाथ यह वीडियो लग गया, जिसे उसने वायरल कर दिया। वायरल वीडियो बेसिक शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है तो विद्यालय परिसर में ऐसी हरकत को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी है।
बहरहाल, वायरल वीडियो संज्ञान में आने पर बीएसए ने इसकी खण्ड शिक्षा अधिकारी को इसकी जांच के निर्देश दिए हैं। इसकी भनक लगते ही आरोपी प्रधानाध्यापक छुट्टी पर चला गया है। इस बाबत बीईओ संजय यादव का कहना था कि वीडियो हमने भी देखा है। मामले की जांच की जा रही है। विद्यालय के स्टाफ से भी इस बारे में जानकारी ली जा रही है। जल्द ही जांच के बाद रिपोर्ट बीएसए को सौंपी जाएगी।