बलिया: एक सप्ताह बाद फिर भड़का ईंट रखने का विवाद, बुजुर्ग को लात-घूसों से पीटा; चार दिन बाद मौत
बलिया में रास्ते पर ईंट रखने को लेकर हुए विवाद में घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विपक्षियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग की पिटाई की थी। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से गांव में तनाव का माहौल है।
विस्तार
बलिया में खेजुरी थाना क्षेत्र के जिगिरिसंड गांव में रास्ते पर ईंट रखने को लेकर मारपीट में घायल हुए देवेंद्र यादव (60) की बृहस्पतिवार की भोर में मौत हो गई। घटना सुबह करीब तीन बजे की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, देवेंद्र यादव का पड़ोसी अखिलेश यादव के परिवार से रास्ते पर रखी ईंटों को हटाने को लेकर करीब एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। 24 अक्तूबर की शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई थी। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। अगले दिन यानी 25 अक्तूबर को दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान विपक्षी ने देवेंद्र यादव की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा।
इसके बाद 26 अक्तूबर को देवेंद्र यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिलने पर विपक्षी पुनः 27 अक्तूबर की देर शाम देवेंद्र के घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट की। और छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर चले गए।
नामजद आरोपी हिरासत में
28 और 29 अक्तूबर की आधी रात देवेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घर में मौजूद पत्नी कलावती देवी जब तक इलाज की व्यवस्था करतीं, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। देवेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
सूचना पर खेजुरी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार नहीं हुए। स्थिति बिगड़ती देख क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह और सिकंदरपुर के एसएचओ हरिशंकर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी ने परिजनों और ग्रामीणों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 11 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पट्टीदार के साथ मारपीट में घायल बुजुर्ग की मौत हो गई है। नामजद आरोपी अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले देवेन्द्र की शिकायत पट्टीदार अखिलेश यादव के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज करने सहित अन्य मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। - राकेश कुमार सिंह, सीओ सिकंदरपुर।