क्रिकेट: संदीप के 60 रन और तीन विकेट से सिग्नल विभाग जीता, लीग मैच में दिखाया दम; लहरतारा स्टेडियम में मैच
Varanasi News: क्रिकेट मैच के दाैरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वाराणसी मंडल की अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
विस्तार
Cricket News: पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से लहरतारा स्टेडियम में शुक्रवार को वाराणसी मंडल की अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का 8वां लीग मैच सिग्नल और विद्युत सामान्य विभाग के बीच खेला गया। इसमें सिग्नल विभाग के संदीप ने बल्लेबाजी में 60 रन और गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में तीन विकेट लेकर टीम को लीग मैच में पूरे अंक दिलाए।
टॉस जीतकर विद्युत सामान्य विभाग की टीम ने सिग्नल विभाग की टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिग्नल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। सिग्नल के संदीप ने 38 बाॅल पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 60 रन, अनूप मिश्र ने 25 बाॅल पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 34 रन रन बनाए।
विद्युत विभाग के भगवान, नीरज, करन और रोशन ने एक-एक विकेट लिए। 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई विद्युत सामान्य की पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाकर आउट हो गई। इस प्रकार सिग्नल विभाग की टीम ने यह मेच 30 रन से जीत कर पूर्ण अंक हासिल कर लिए।
खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
विद्युत विभाग की तरफ से अनिल यादव ने 33 बाॅल पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाए। सिग्नल विभाग के संदीप ने 32 रन देकर तीन विकेट लिए। सिग्नल विभाग के संदीप कुमार के ऑलराउंड प्रदर्शन से पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी सुदेश कुमार ने मैन ऑफ द मैच दिया। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार को लहरतारा स्टेडियम में विद्युत टीआरडी और यांत्रिक विभाग के बीच होगा।