पूर्वांचल के इन जिलों में सबसे ज्यादा कोरोना वायरस के मरीज, जौनपुर में बनारस से अधिक संक्रमित
- वाराणसी समेत जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ में सबसे ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित।
- वाराणसी में 233, जौनपुर में 262, गाजीपुर 155 और आजमगढ़ में 150 कोरोना वायरस पॉजिटिव।
- आज जौनपुर, भदोही, आजमगढ़ और मऊ जिले में कोरोना वायरस के नए मरीज मिले हैं।
विस्तार
पूर्वांचल के जिलों में कोरोना वायरस के मामले हर दिन बढ़ते जा रहे हैं। वाराणसी समेत जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ में सबसे ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वाराणसी और जौनपुर में 200 से ज्यादा और गाजीपुर-आजमगढ़ में 150 से ज्यादा मरीज हो गए हैं।
वाराणसी में 233 :
वाराणसी में अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 233 हो गई है। 126 के डिस्चार्ज और पांच की मौत के बाद अब 102 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। शुक्रवार को नए मरीज मिलने के बाद दस नए हॉटस्पॉट बनाए गए हैं। अब जिले में हॉटस्पॉट की संख्या 119 हो गई है, जिसमें 49 रेड जोन में हैं। गुरुवार को बनारस में 11 लोगों और शुक्रवार को मुंबई से ट्रेन से परिवार संग आए फूलपुर की तीन महीने की बच्ची समेत 18 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी।
जौनपुर में मिले 15 पॉजिटिव :
जौनपुर जिले में शनिवार को 15 लोग कोरोना वायरस पॉजिटिव मिले हैं। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है। ये सभी गैर राज्यों से आए लोग हैं। जिले में अब कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 262 हो गई है। इनमें 111 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं तो वहीं तीन की मौत हो चुकी है। ये सभी मरीज जिले के मछलीशहर, बदलापुर, बक्शा और सुजानगंज क्षेत्र के हैं।
आजमगढ़ में सात संक्रमित मिले :
आजमगढ़ जिले में कोरोना वायरस का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 18 मरीजों के मिलने के बाद शनिवार को भी सात नए मरीज कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने नए मरीजों की पुष्टि की है। जिले में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 150 पहुंच गई है। इसमें 97 अभी भी सक्रिय हैं। 50 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और तीन की मौत हुई है।
भदोही में मिले नौ मरीज :
भदोही जिले में शनिवार की सुबह कोरोना वायरस के नौ मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव लोगों की संख्या 67 हो गई है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इनमें से तीन लोगों की रिपोर्ट मरने के बाद पॉजिटिव आई है। आज मिले संक्रमितों में जिला अस्पताल का एक स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल है। बाकी आठ प्रवासी हैं। गांवों में सुरक्षात्मक कदम उठाए गए हैं। जिले में अब तक आठ मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।
मऊ जिले में शनिवार को चार और कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। शनिवार को चार मरीज मिलने से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 56 और एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 43 हो गई है। इन सब के बीच आजमगढ़ जिले के प्राइवेट अस्पताल में पॉजिटिव मिले कोरोना पॉजिटिव मरीज की शुक्रवार की देर शाम मौत हो गई।
गाजीपुर में 155 कोरोना संक्रमित :
गाजीपुर जिले में शुक्रवार को एक महिला समेत तीन कोरोना संक्रमित मिले। तीनों मुंबई से आए थे। जिले में अब कुल संक्रमित 155 हो गए। इनमें 68 स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीज 87 है। सभी का मुहम्मदाबाद स्थित एल-1 कोविड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।