पर्यटन व्यवसाय पर कोरोना की मार: वाराणसी में पर्यटकों की संख्या में बड़ी गिरावट, गाइड और रेहड़ी पटरी लगाने वाले परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना संक्रमण ने पर्यटन व्यवसाय पर ग्रहण लगा दिया है। जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु काशी में दर्शन-पूजन करने आते थे, वहीं अब यह आंकड़ा हजार तक आकर सिमटकर रह गया है। इसके पीछे कोरोना से जुड़ी पाबंदियों को मुख्य वजह माना जा रहा है। इधर, पर्यटकों के न आने की वजह से टूरिस्ट गाइड से लेकर अन्य छोटे बड़े कारोबार करने वालों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
कोरोना की पहली और दूसरी लहर के बाद विदेशी पर्यटकों की संख्या पहले ही कम थी, अब एक बार फिर इसमें कमी आ गई है। इस बीच देशी पर्यटकों से बाजार की रौनक लौट रही थी कि तीसरी लहर में मरीजों की संख्या बढ़ने और पाबंदिया लगाए जाने का असर देशी पर्यटकों पर भी देखने को मिल रहा है।
संक्रमण की मार अब जीवन यापन पर भी पड़ने लगा है। इस वजह से सीधे तौर पर पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है।
काशी विश्वनाथ धाम में भी घटे श्रद्धालु
पीएम मोदी द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन संक्रमण की पाबंदियों के बाद इनकी संख्या भी घटी है। नाइट कर्फ्यू के कारण पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन, आरती के टिकट की पाबंदियां हटा ली गई हैं। बावजूद दर्शन पूजन वालों की संख्या सीमित है।
सारनाथ में बंद है पुरातात्विक संग्रहालय
कोरोना से पहले देश के कोने कोने से लोग पुरातात्विक खंडहर परिसर व संग्रहालय देखने सारनाथ आते थे। सारनाथ रजिस्टर गाइड एसोसिएशन के सदस्यों के मुताबिक, प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक आते थे। आज आवाजाही बंद है। महामारी ने गाइडों और ठेला पटरी पर दुकानें लगाने वालों को सबसे अधिक प्रभावित किया है। इससे रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है।
बीते 10 जनवरी से सारनाथ के पुरातात्विक स्थल बंद हैं। जो पर्यटन क्षेत्र हमेशा गुलजार रहता था वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। - हरिश्चंद्र भारद्वाज, टूरिस्ट गाइड
महामारी की पाबंदियों से गाइड व पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। पाबंदी ने पर्यटन व्यवसायी परेशान हैं। - संजय पाल टूरिस्ट गाइड।
कोरोना ने पर्यटन व्यवसाय की कमर तोड़ दी है। संक्रमण से निजात दिलाने के लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। - अनीश झा, टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन
कोरोना संक्रमण के चलते एहतियात बरती जा रही है। हालात सामान्य होने पर पर्यटन केंद्रों पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटा लिया जाएगा। - प्रिया सिंह, पर्यटन सूचना अधिकारी
एक नजर में आंकड़ा
वर्ष 2021
कुल पर्यटक 3078479
भारतीय 3075913
विदेशी 2566