वाराणसी में कोल्ड चेन सेंटर बनकर तैयार, कोरोना के टीकाकरण के ट्रॉयल की तैयारी शुरू
वाराणसी में कोरोना के टीकाकरण को लेकर देशभर में शनिवार को हो रहे ट्रायल पर सभी की नजर टिकी है। हालांकि यूपी में केवल लखनऊ में अभी ट्रायल होगा। बनारस में अभी कब ट्रायल होगा, इसका कोई फैसला तो नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने ट्रायल की तैयारियां तेज कर दी हैं। इधर कोल्ड चेन सेंटर भी बनकर तैयार हो गया है।
कोरोना टीकाकरण की शुरुआत इस महीने के दूसरे सप्ताह से होने की संभावना जताई जा रही है। इस दिशा में शासन प्रशासन ने भी काम तेज कर दिया है। हालांकि टीका लगने की कोई तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है लेकिन जिस तरह की तैयारियां चल रही हैं, उसको लेकर यह माना जा रहा है कि बहुत जल्द ही सरकार द्वारा तिथि का भी ऐलान किया जा सकता है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश भर में शनिवार को कोरोना के टीके का ट्रायल किए जाने का निर्णय लिया है, जिसमें टीका लगने के बाद प्रभाव का अध्ययन किया जाएगा। सीएमओ डाक्टर वीबी सिंह के मुताबिक शनिवार को होने वाले ट्रायल में अभी वाराणसी का नाम नहीं है लेकिन यहां भी कोल्ड चेन सेंटर बनकर तैयार होने के बाद टीकाकरण संबंधी तैयारियां चल रही हैं। अब तक टीका लगाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की सूची बनाए जाने के बाद टीका करण केंद्र की सूची भी तैयार हो रही है।
कोरोना से दो की मौत,42 में संक्रमण की पुष्टि
जिले में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। नए साल के पहले दिन शुक्रवार को बीएचयू में भर्ती करौंदी निवासी 66 वर्षीय महिला और 59 वर्षीय पुरुष की मौत हो गई जबकि अलग-अलग जगहों से कुल 42 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ विभाग की ओर से बीएचयू अस्पताल, महिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा समेत अन्य जगहों से कुल 2690 लोगों के संपन्न की गई, जबकि 3299 रिपोर्ट भी मिली है।
इधर आशापुर, भोजूबीर, नरिया, बीडीए कॉलोनी, लल्लापुरा, आईआईटी बीएचयू, जगतगंज, शास्त्री नगर, लहरतारा समेत अन्य जगह पर नए मरीज मिले हैं। इसके साथ होम आइसोलेशन में 62 लोग स्वस्थ हुए जबकि एक मरीज को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब कुल 21241 मरीजों में 20464 के डिस्चार्ज, 361की मौत के बाद 416 एक्टिव केस हैं।