यूपी: बाइक से टक्कर के बाद भिड़े दो पक्ष, मारपीट में चली गोली, पांच घायल
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सोमवार की रात बाइक से टक्कर लगने के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट के दौरान फायरिंग का भी आरोप है। इसमें दोनों पक्ष से पांच लोग घायल हुए हैं। सीएचसी में प्रारंभिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से गांव में तनाव बना हुआ है।
जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के ढंडवारा गांव निवासी इरफान अहमद का परिवार मुंबई में रहता है। लॉकडाउन के कारण इन दिनों परिवार गांव आया है। सोमवार को दिन में ग्राम प्रधान के परिवार के लड़कों से बाइक में टक्कर लगने का कारण विवाद हो गया था।
इसी मामले में देर रात दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। लाठी डंडे से मारपीट के दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग का भी आरोप है। मारपीट और फायरिंग में प्रधान पक्ष के साकिब(48) पुत्र नसीम अहमद, अकमल(30) पुत्र अमजद, कासिफ(25) पुत्र साकिब घायल हुए।
वहीं दूसरे पक्ष से इरफान अहमद(30) पुत्र अनवारूल हक, ज़ैद(32) पुत्र इस्तियाक अहमद घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है।
घटना के बाद गांव में फोर्स तैनात की गई है। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि मामूली विवाद में घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।