चंदौली की दुष्कर्म पीड़िता ने बीएचयू में तोड़ा दम, 10 दिनों से चल रहा था इलाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता की बीएचयू में इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। युवती के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। सूचना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके माता पिता के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से गौतम नामक युवक ने जबरदस्ती संबंध बनाए थे। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। बाद में युवक ने जबरदस्ती उसका गर्भपात करा दिया। पांच दिसंबर की सुबह युवती को उसके घर के पास गली के बाहर छोड़कर युवक फरार हो गया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। जिसपर परिवार वालों ने उसे निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने 10 दिसंबर को उसे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था।
मंडलीय अस्पताल से भी चिकित्सकों ने युवती को बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे वेंटीलेटर पर रखा गया। इस बीच परिवार वालों की ओर से आरोपी युवक गौतम के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया। इस पूरे मामले में युवक के माता-पिता को भी साजिशकर्ता बताया गया। उपचार के दौरान मंगलवार की सुबह युवती की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक व उसके मां-बाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।