दोहरे हत्याकांड के लिए सीबीआई ने वाराणसी में डाला डेरा, मिर्जापुर की पहाड़ी में मिला था शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के गोला दीनानाथ के शुभम केशरी और महमूरगंज के रवि पांडेय की हत्या की तफ्तीश के लिए सीबीआई की टीम ने शहर में डेरा डाल दिया है। सोमवार को रवि के पिता और बहन से घटना के संबंध में छह घंटे तक पूछताछ हुई। पूछताछ का यह सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान सीबीआई की ओर से पीड़ित परिजनों को यह भी आश्वस्त किया गया कि उन्हें हर हाल में न्याय मिलेगा।
22 दिसंबर 2020 को शुभम और रवि गायब हो गया था। जनवरी महीने में दोनों का शव मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र की पहाड़ी में मिला था। तफ्तीश में जुटी पुलिस ने दोनों की हत्या के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस बीच शुभम के भाई शिवम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण की याचिका दाखिल की। आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने शुभम और रवि का अपहरण कर हत्या कर दी है। आरोप को लेकर दाखिल जिला पुलिस के जवाब पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नाराजगी जताते हुए प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंप दी।
जांच के क्रम में सीबीआई की टीम रविवार को शहर आ गई। सीबीआई की टीम ने रवि के परिजनों से उसके गायब होने से लेकर उसके शव बरामद होने तक के घटनाक्रम के बारे में बिंदुवार पूछा। इस बीच शुभम का भाई शिवम भी पहुंचा था। रवि के परिजनों को सीबीआई ने मंगलवार को भी बुलाया है। रवि की बहन और उसके पिता ने बताया कि सीबीआई की जांच पर हमें पूरा भरोसा है और पूरा विश्वास है कि हमारे साथ न्याय होगा।