कैश वैन लूटकांड: गोली मारने के आरोपी का साला है चंदन, मिले अहम सुराग, इन राज्यों को रवाना पुलिस की टीमें
12 सितंबर को कटरा कोतवाली क्षेत्र के बेलतर एक्सिस बैंक के सामने चार बदमाश कैश वैन के गार्ड जय सिंह की गोली मारकर हत्या करने के बाद 35 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। मिर्जापुर पुलिस ने मुंबई पुलिस की मदद से आरोपी चंदन को पकड़ा था।
विस्तार
कैश वैन लूट कांड में मुंबई से पकड़े गए चंदन को सोमवार की सुबह मिर्जापुर लाने के बाद पुलिस ने रात भर उससे पूछताछ की। पुलिस को चारों आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। दरअसल, लूट कांड में गार्ड को गोली मारने वाला मुख्य आरोपी चंदन का साला बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें झारखंड, बिहार और अन्य प्रदेशों में रवाना हो गई हैं।
12 सितंबर को कटरा कोतवाली क्षेत्र के बेलतर एक्सिस बैंक के सामने चार बदमाश कैश वैन के गार्ड जय सिंह की गोली मारकर हत्या करने के बाद 35 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। छानबीन में जुटी पुलिस सर्विलांस के जरिये पासवान गैंग के एक संदिग्ध चंदन पासवान की तलाश करते हुए मुंबई पहुंची। वहां मिर्जापुर पुलिस ने मुंबई पुलिस की मदद से आरोपी चंदन को पकड़ा। सोमवार को सुबह पुलिस आरोपी को मिर्जापुर लेकर आई। पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विभिन्न टीमों ने सोमवार को सुबह से लेकर रात तक उससे पूछताछ की।
पूछताछ में पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सबसे महत्वपूर्ण बात तो यह है कि गार्ड जय सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी पकड़े गए चंदन का जीजा बताया जा रहा है। पुलिस हत्यारोपी तक पहुंचने के लिए ही चंदन की तलाश में मुंबई गई। पुलिस मुख्य आरोपियों की तलाश में बिहार, झारखंड और अन्य प्रदेशों में रवाना हो गई है। पुलिस पूछताछ के बाद चंदन को उसके करीबियों को सुपुर्द करने की बात कह रही है।
आरोपी से पूछताछ के बाद उसे करीबियों को सुपुर्द कर दिया गया है। लूटकांड की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा। - नितेश सिंह, एएसपी सिटी
एक सप्ताह में पकड़े जा सकते हैं आरोपी
मिर्जापुर। लूट कांड के एक संदिग्ध चंदन को पकड़ने के बाद पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं। लगातार कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस एक सप्ताह के अंदर किसी न किसी आरोपी को पकड़ लेगी।