पुलिस स्मृति दिवस : CP बोले, सर्वोच्च न्योछावर करने वाले साथियों के प्रति हम नतमस्तक; श्रद्धासुमन अर्पित
Varanasi News : वाराणसी के पुलिस लाइंस में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के पुलिसकर्मियों ने शहीद साथियों को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीपी मोहित अग्रवाल ने उनके बलिदान को कोटि-कोटि नमन किया।
विस्तार
पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइंस के शहीद स्मारक पर कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को याद करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि अपने साथियों के कर्तव्य पालन और उनके अप्रतिम बलिदान की सराहना में हम नतमस्तक होकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इसके बाद पुलिस लाइंस के सशस्त्र जवानों ने शोक सलामी दी और दो मिनट का मौन रखा।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि 21 अक्तूबर 1959 को भारत की उत्तरी सीमा पर लद्दाख की चोटियों में सजग प्रहरियों के रूप में ड्यूटी करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों ने चीन के सैनिकों के हमले में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने बताया कि एक सितंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक की अवधि में देश में 216 पुलिसजनों ने कर्तव्य की बेदी पर अपने जीवन की आहुति दी।
उत्तर प्रदेश पुलिस के दो साथी कन्नौज के आरक्षी सचिन राठी और प्रतापगढ़ के आरक्षी रोहित कुमार ने नागरिक सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इस दौरान राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल व डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जॉइंट सीपी डॉ. के एजिलरसन, आईजी रेंज मोहित गुप्ता, एडिशनल सीपी डॉ. एस चन्नप्पा, डीआईजी आईबी दिव्य मिश्र के साथ ही कमिश्नरेट के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, यातायात निरीक्षक, शाखा प्रभारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
बरेका में आरपीएफ की ओर से पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने देश, रेल व समाज की सुरक्षा में दिए गए शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। आरपीएफ आईजी व प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त नुरुल होदा ने कहा कि उनकी शहादत हमें हमेशा देश सेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश देती रहेगी।
इस वर्ष शहीद हुए 14 रेलवे सुरक्षा बल के वीर कर्मियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। सुरक्षा आयुक्त मनोज कुमार गौतम, निरीक्षक केके सिंह, निरीक्षक प्रमोद लकड़ा, निरीक्षक रंजन कुमार, निरीक्षक डीके राय मौजूद रहे।