आप vs भाजपा: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम सिसोदिया को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की चुनौती
वाराणसी के लोहता स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में मिशन शिक्षण संवाद की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय गुणवत्ता संवर्धन कार्यशाला में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में खुले मंच से राजभर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को वाराणसी के शिक्षा मॉडल को देखने की चुनौती दी।
साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने अंदर के जज्बे और जुनून को ऐसे ही बनाए रखें। पूरे सेवाकाल में इसी जुनून के साथ कार्य करें। शिक्षक अपनी अंतरात्मा की आवाज सुने और सदैव विद्यार्थियों के हित में कार्य करते रहें।
इस दौरान राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि इस समय अपनी क्षमता संवर्धन का कार्य कर रहे शिक्षक बधाई के पात्र हैं। शिक्षकों में हो रहे बदलावों का देखते हुए ऐसे कार्यक्रम और अधिक करने की आवश्यकता है। वहीं, बीएसए राकेश सिंह ने कहा कि मिशन शिक्षण संवाद एक ऐसा मंच है जो शिक्षकों को स्वयं से प्रेरित करके बेसिक शिक्षा में उत्थान के लिए अनवरत प्रयासरत है।
कार्यक्रम में प्रदेश से आए 200 शिक्षकों द्वारा लगाई गई टीएलम स्टोलों का अनिल राजभर व रविंद्र जायसवाल ने निरीक्षण किया। कार्यक्रम में आठ ब्लॉक के खंड शिक्षाधिकारी, सोनभद्र के बीएसए गोरखनाथ पटेल, मिशन शिक्षण संवाद के ग्रुप एडमिन रविंद्र कुमार सिंह, सरिता राय, मनोज कुमार सिंह, अमृता सिंह, आराधना दुबे, निधि कवल, नीलम राय आदि मौजूद रहे।