वाराणसी में हादसा: मोपेड को बचाने में बाइक सवार को कुचलते हुए खाई में पलटी बस, एक की मौत; कई घायल
Varanasi News: वाराणसी जिले में रविवार को बड़ा हादसा हुआ। आजमगढ़ से 25 यात्रियों को लेकर कैंट रोडवेज स्टेशन आ रही थी। इसी दौरान हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में 20 लोगों को चोट लगी।
विस्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र के बलरामगंज टोल प्लाजा के समीप रविवार की शाम मोपेड सवारों को बचाने में बाइक सवार को टक्कर मारते हुए रोडवेज की अनुबंधित बस सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस दौरान बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार 20 यात्रियों को चोटें आईं।
चीख पुकार के बीच सभी घायलों को 9 एंबुलेंस के जरिये चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इसमें गंभीर रूप से घायल एक महिला जिला अस्पताल रेफर की गई है। दो लोगों को छोड़कर अन्य सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। आजमगढ़ से यह बस वाराणसी कैंट रोडवेज स्टेशन आ रही थी।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अंबेडकरनगर डिपो की अनुबंधित बस आजमगढ़ से 25 यात्रियों को लेकर कैंट रोडवेज स्टेशन आ रही थी। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर चोलापुर थाना क्षेत्र के बलरामगंज स्थित नवनिर्मित टोल प्लाजा के पास पेट्रोल पंप से तेल लेकर मोपेड सवार जैसे ही सड़क पर आया तो बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई और दूसरी तरफ लगभग 200 मीटर आगे डिवाइडर पारकर एक गहरी खाई में पलट गई। इस बीच बलरामगंज पेट्रोल पंप से तेल लेने के बाद सड़क के दूसरी लेन पर खड़े हरदासपुर निवासी संदीप कुमार यादव (30 वर्ष) को भी बस ने चपेट में ले लिया।
यात्रियों की चीख पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों और राहगीरों ने सभी को बस से बाहर निकालना शुरू किया। इस बीच कई यात्री बस से कूद भी गए। पुलिस फोर्स भी पहुंच गई। एंबुलेंस से सभी घायलों को चोलापुर सीएचसी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार संदीप यादव निवासी हरदासीपुर को मृत घोषित किया।
उधर, गंभीर रूप से घायल जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के पूरनपुर निवासी सुशीला देवी (48 वर्ष) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि दो अन्य घायल जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के पूरनपुर निवासी केशराज प्रसाद चौबे (58 वर्ष) और बकरी चरा रहे बलरामगंज निवासी कमरूद्दीन (60 वर्ष) को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही हरदासीपुर के 15 से अधिक युवक मौके पर पहुंचे और संदीप को मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। बस को जाने से रोक दिया गया। संदीप की मौत का जिम्मेदार चालक को बताते हुए विरोध जताया। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने लोगों को समझाया कि बस रोकने से कोई फायदा नहीं होगा। किसी तरह बस को क्रेन के जरिये घटनास्थल से हटाया गया। ग्रामीण डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके श्रीवास्तव ने हादसे की रिपोर्ट तैयार की है।