जौनपुर: विवाद के बाद भाई की सिर काटकर हत्या, रातभर शव घर में रखा, अगले दिन दफनाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर के सरपतहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव से चार दिन से लापता युवक की सिर कटी लाश शुक्रवार को सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के देवनगर बाजार के पास मिली। मृतक की पत्नी ने परिजनों पर ही हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर भाई से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सिर काटकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
सरपतहा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी राकेश गौतम (35) चार दिनों से घर से लापता थे। शुक्रवार को सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के देवनगर बाजार के निकट सड़क किनारे गड्ढे में कपड़े में लिपटा शव मिला तो सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने थोड़ी ही दूर से युवक का कटा हुआ सिर भी बरामद किया। सक्रिय हुई पुलिस टीम ने शव के शिनाख्त की कोशिश की तो सरपतहा के रामपुर गांव निवासी राकेश गौतम के रूप में पहचान हुई। सुल्तानपुर पुलिस ने जौनपुर पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
जौनपुर पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी के आरोपों के आधार पर जब भाई से पूछताछ की गई तो वह टाल मटोल करने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर मृतक के भाई बृज कुमार ने सिर काटकर हत्या करने और शव को कपड़े में लपेटकर सड़क किनारे फेंकने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में बृज कुमार ने बताया कि भाई राकेश और परिवार के अन्य लोगों से मंगलवार को आपसी विवाद हो गया। विवाद को लेकर गुस्से में भाई का सिर काट डाला। बताया कि उसने रातभर शव को घर में ही रखा था। अगले दिन कपड़े में लपेटकर धान के खेत में दफन कर दिया और उसके ऊपर से घास फूस फेंक दिया। अखंडनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।